home page

मध्य प्रदेश में तबादला नीति को लेकर समाजवादी पार्टी ने सरकार पर साधा निशाना, जांच की मांग

 | 
मध्य प्रदेश में तबादला नीति को लेकर समाजवादी पार्टी ने सरकार पर साधा निशाना, जांच की मांग


भोपाल, 22 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश में तबादला नीति को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) ने राज्य सरकार पर सवाल उठाए हैं। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता यश भारतीय ने आरोप लगाया कि तबादलों की प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं है और कई मामलों में अधिकारियों द्वारा मनमानी की जा रही है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

भोपाल में साेमवार काे पत्रकार वार्ता काे संबाेधित करते हुए यश भारतीय ने कहा कि यदि अधिकारी, सरकार और मंत्रियों के निर्देशों का पालन नहीं कर रहे हैं, तो सरकार को इस स्थिति पर स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने तबादला नीति को “उद्योग” का रूप दे दिया है और तबादलों को लेकर गंभीर अनियमितताएं सामने आ रही हैं।

ट्रांसफर सूची का दिया उदाहरण

सपा प्रवक्ता ने उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग की एक तबादला सूची का हवाला देते हुए दावा किया कि विभागीय मंत्री की ओर से तैयार की गई सूची में शामिल कुछ तबादलों को अधिकारियों ने रोक दिया। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि मंत्री स्तर पर निर्णय लिया गया था तो उसके क्रियान्वयन में बाधा क्यों आई। यश भारतीय ने यह भी आरोप लगाया कि जिन अधिकारियों के तबादले रोके गए हैं, उनमें से कुछ के खिलाफ विभिन्न विभागों में जांच लंबित है तथा कुछ मामलों में भ्रष्टाचार संबंधी आरोप भी हैं। हालांकि उन्होंने इन आरोपों के समर्थन में कोई दस्तावेज सार्वजनिक नहीं किया।

भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच की मांग

सपा प्रवक्ता ने दावा किया कि तबादलों में लेन-देन की शिकायतें सामने आ रही हैं और इस संबंध में सरकार को गंभीरता से जांच करानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ अधिकारियों पर तबादलों के बदले राशि लेने के आरोप लग रहे हैं। समाजवादी पार्टी ने पूरे मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि यदि सरकार इस दिशा में कार्रवाई नहीं करती है तो पार्टी आगे की रणनीति पर विचार करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे