home page

इंदौर में कर्ज और तनाव के चलते डिलीवरी बॉय ने खाया जहर, इलाज के दौरान मौत

 | 
इंदौर में कर्ज और तनाव के चलते डिलीवरी बॉय ने खाया जहर, इलाज के दौरान मौत


इंदौर, 02 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के चंदन नगर में आत्महत्या का मामला सामने आया है। यहां क्रेडिट कार्ड के कर्ज और आर्थिक तंगी से परेशान 25 वर्षीय डिलीवरी बॉय ने जहर खाकर जान दे दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

चंदन नगर थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, व्यास नगर के रहने वाले 25 वर्षीय लखन कोटे पुत्र राजू कोटे ने बुधवार को अपने घर पर कोई जहरीला पदार्थ गटक लिया। जब उसकी तबीयत अचानक बेहद बिगड़ने लगी, तो उसकी पत्नी ने घबराकर लखन के बड़े भाई करण को इसकी जानकारी दी। परिजन उसे आनन-फानन में इलाज के लिए एमवाय अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद गुरुवार तड़के करीब 3 बजे उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

परिजनों ने बताया कि लखन की शादी करीब डेढ़ साल पहले ही हुई थी और उसके परिवार में माता-पिता, पत्नी व एक बड़ा भाई है। वह पार्सल डिलीवरी बॉय के रूप में काम करने के साथ-साथ रेपिडो बाइक टैक्सी चलाकर जैसे-तैसे अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। पिछले कुछ महीनों से उसका कामकाज बेहद मंदा चल रहा था, जिससे घर का खर्च निकालना भी दूभर हो गया था। इसी भयंकर आर्थिक तंगी से निपटने के लिए उसने क्रेडिट कार्ड के जरिए कुछ कर्ज लिया था, जिसे काम न होने के कारण वह समय पर चुका नहीं पा रहा था। कर्ज के बढ़ते बोझ और रिकवरी के दबाव के कारण वह पिछले कई दिनों से गहरे मानसिक तनाव और अवसाद में रहने लगा था।

चंदन नगर पुलिस ने बताया कि घटनास्थल का मुआयना करने पर उन्हें मृतक के पास से या घर से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। लखन ने क्रेडिट कार्ड के जरिए कुल कितना कर्ज ले रखा था और बैंक या किसी अन्य माध्यम से उस पर कितना दबाव था, इसकी सटीक जानकारी अभी सामने नहीं आ सकी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लखन के बैंक खातों और कॉल डिटेल्स की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत