home page

दिल्ली में कांग्रेस का लोकतंत्र बचाओ अभियान तेज, राष्ट्रपति से मुलाकात के लिए समय मांगा: जीतू पटवारी

 | 
दिल्ली में कांग्रेस का लोकतंत्र बचाओ अभियान तेज, राष्ट्रपति से मुलाकात के लिए समय मांगा: जीतू पटवारी


भाेपाल, 11 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा है कि लोकतंत्र की रक्षा और जनहित के मुद्दों को लेकर कांग्रेस पार्टी अपने अभियान को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने बताया कि पार्टी के सभी विधायक शुक्रवार को दिल्ली पहुंचेंगे और राष्ट्रपति से मुलाकात के लिए समय मांगा गया है। फिलहाल राष्ट्रपति भवन से समय मिलने की प्रतीक्षा की जा रही है।

जीतू पटवारी ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक संस्थाओं, जनसरोकारों और विभिन्न सार्वजनिक मुद्दों को लेकर अपनी बात राष्ट्रीय स्तर पर रखने की तैयारी कर रही है। उन्होंने बताया कि पार्टी कल मीडिया के समक्ष पूरे घटनाक्रम और अपने पक्ष को विस्तार से रखेगी, जिसके बाद आगामी रणनीति पर निर्णय लिया जाएगा।

मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि महंगाई, पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतें, प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाएं, किसानों की समस्याएं और रोजगार जैसे मुद्दों पर जनता चिंता जता रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन विषयों पर सरकार अपेक्षित जवाबदेही नहीं निभा रही है।

पटवारी ने कहा कि किसान खाद और उर्वरक की उपलब्धता जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं, जबकि आर्थिक और सामाजिक मोर्चों पर भी कई चुनौतियां सामने हैं। उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि इन मुद्दों पर गंभीरता से विचार किए जाने की आवश्यकता है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इन विषयों को लोकतांत्रिक तरीके से उठाती रहेगी और जनता से जुड़े मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे