जबलपुर : छत से गिरकर राज मिस्त्री की मौत, उपचार के दौरान तोड़ा दम
जबलपुर, 29 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में सिहोरा थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 9 स्थित इमलहापुरा में छत से गिरने के कारण 55 वर्षीय राज मिस्त्री की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजन उन्हें गंभीर हालत में शासकीय अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां गुरुवार सुबह उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, मृतक राजेश चौधरी पिता प्रेमचंद चौधरी, निवासी इमलहापुरा, मकान निर्माण का काम करते थे। बुधवार शाम काम खत्म करने के बाद वह घर लौटे थे। रात करीब 9:30 बजे भोजन करने के लिए छत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह छत से सीधे सड़क पर आ गिरे।
गिरने की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। खून से लथपथ राजेश को तत्काल शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद गुरुवार सुबह उनकी मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक पूछताछ के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

