जबलपुर : घाट पर मस्ती बनी मातम, नर्मदा में डूबने से तीन दोस्तों की दर्दनाक मौत
जबलपुर, 27 जून (हि.स.)। तिलवारा थाना क्षेत्र के दद्दा घाट पर शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में नर्मदा नदी में नहाने गए तीन युवकों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद घाट पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों व नाविकों की मदद से तीनों के शव नदी से बाहर निकाले गए। हादसे के बाद घाट पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
पुलिस के अनुसार गढ़ा के मुजावर मोहल्ला निवासी राजा खान (16), साहिल (18) और उनका एक अन्य साथी अपने दोस्तों के साथ नर्मदा नदी में स्नान करने के लिए तिलवारा स्थित दद्दा घाट पहुंचे थे। सभी युवक नदी में नहा रहे थे और मस्ती कर रहे थे। इसी दौरान तीनों गहरे पानी में चले गए और खुद को संभाल नहीं सके। देखते ही देखते तीनों नदी में डूबने लगे।
साथियों ने शोर मचाया तो आसपास मौजूद लोग, नाविक और स्थानीय गोताखोर तत्काल बचाव के लिए नदी में उतरे, लेकिन तब तक तीनों युवक गहराई में समा चुके थे।
काफी तलाश के बाद गोताखोरों ने तीनों के शव बाहर निकाले।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और रिश्तेदार भी मौके पर पहुंच गए। अपने बच्चों के शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। उनका विलाप सुनकर घाट पर मौजूद लोग भी भावुक हो उठे।
पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल भिजवाकर मर्ग कायम कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

