home page

राजगढ़ः खटिया पर सो रहे किसान को सांप ने डसा, इलाज के दौरान मौत

 | 
राजगढ़ः खटिया पर सो रहे किसान को सांप ने डसा, इलाज के दौरान मौत


राजगढ़, 30 जून (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के मलावर थाना क्षेत्र के ग्राम पातलापानी में खटिया पर सो रहे एक किसान को सांप ने डस लिया। परिजन पहले उसे झाड़-फूंक के लिए देवस्थान ले गए, लेकिन तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपकर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार ग्राम पातलापानी निवासी शिवराज मीना (50) पुत्र रामसिंह मीना सोमवार रात अपने कमरे में खटिया पर सो रहे थे। इसी दौरान जहरीले सांप ने उन्हें काट लिया। शरीर में तेज जलन होने पर उन्होंने परिजनों को इसकी जानकारी दी। बेटा सोनू ने जब बिस्तर हटाकर देखा तो उसमें सांप निकला। घबराए परिजन पहले उन्हें गांव के देवस्थान स्थित चबूतरे पर ले गए, लेकिन हालत लगातार बिगड़ती गई। इसके बाद उन्हें तत्काल नरसिंहगढ़ अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। बताया गया है कि शिवराज मीना खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी अचानक मौत से परिवार और पूरे गांव में शोक का माहौल है। नरसिंहगढ़ थाना पुलिस ने जीरो पर मर्ग कायम कर प्रकरण संबंधित मलावर थाना पुलिस को जांच के लिए सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक