home page

राजगढ़ः नदी में डूबने से 16 वर्षीय बालक की मौत, जांच शुरू

 | 
राजगढ़ः नदी में डूबने से 16 वर्षीय बालक की मौत, जांच शुरू


राजगढ़, 04 मई (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम श्यामपुरा निवासी 16 वर्षीय अनुराग पुत्र राकेश सुतार की नदी में डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा और मर्ग कायम कर मामले में जांच शुरु कर दी।

जानकारी के अनुसार, अनुराग अपने मामा के गांव करेडी, थाना राजगढ़ में शादी समारोह में शामिल होने गया था। बीते रोज दुल्हा-दुल्हन को परिवार के सदस्य निजी वाहन से राजस्थान स्थित कामखेड़ा बालाजी मंदिर दर्शन के लिए ले जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में ग्राम चुरोलिया थाना घाटोली के सिन्निया घाट पर परिवार के 12 सदस्य नहाने के लिए नदी में उतरे। नहाते समय अचानक अनुराग पानी के तेज बहाव में फंस गया और गहराई में चला गया। परिवार ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला और तत्काल इकलेरा अस्पताल ले जाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे राजगढ़ रेफर किया, जहां परीक्षण के बाद देर रात डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। परिवार में घटना के बाद शोक छा गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक