home page

राजगढ़ः महुआ के पेड़ के नीचे खड़े काका-भतीजे की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत

 | 
राजगढ़ः महुआ के पेड़ के नीचे खड़े काका-भतीजे की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत


राजगढ़,19 जून (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के पचोर थाना क्षेत्र के ग्राम गुलखेड़ीकला में शुक्रवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में काम कर रहे काका-भतीजे आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की।

पुलिस के अनुसार गुलखेड़ीकला निवासी विष्णुप्रसाद (45) पुत्र सालिगराम भिलाला और उनके भतीजे रामदयाल(25) पुत्र मोहन भिलाला खेत में रखी प्याज की उपज को एकत्रित कर घर ले जाने का काम कर रहे थे। इस दौरान दोनों खेत में लगे महुआ के पेड़ के नीचे खड़े थे। बताया गया है कि शाम के समय अचानक मौसम बदल गया। तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई और गर्जना होने लगी। इसी बीच जोरदार चमक के साथ आकाशीय बिजली महुआ के पेड़ के पास गिरी, जिसकी चपेट में दोनों आ गए। आसपास मौजूद ग्रामीण जब मौके पर पहुंचे तो दोनों अचेत अवस्था में पड़े मिले। उन्हें बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना पर पचोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं प्रशासन द्वारा नियमानुसार आर्थिक सहायता की प्रक्रिया भी प्रारंभ की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक