राजगढ़ः ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, दो चचेरे भाई घायल
राजगढ़, 30 अप्रैल(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में भोजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम काल्याखेड़ी जोड़ के पास बुधवार की रात सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से बाइक टकरा गई। इस हादसे में बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो चचेरे भाई घायल हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, बीती रात ग्राम बाबड़ीखेड़ा निवासी कमल सौंधिया (30), उसका चचेरा भाई राधेश्याम (18) और ईश्वर सौंधिया (23) शादी समारोह में शामिल होने के लिए गणेशपुरा जा रहे थे। ईश्वर की ससुराल गणेशपुरा में शादी का कार्यक्रम था। तीनों रात को बाइक से रवाना हुए थे, बाइक कमल चला रहा था। जैसे ही वे काल्याखेड़ी जोड़ के पास पहुंचे, सड़क पर बिना संकेत खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से तेज रफ्तार बाइक पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कमल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राधेश्याम और ईश्वर को अंदरुनी चोटें आईं। सूचना मिलने पर भोजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि ट्रॉली सड़क पर बिना संकेत के खड़ी होने से हादसे की आशंका बढ़ी। मामले की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

