home page

राजगढ़ःदो सप्ताह से लापता युवक का कुएं में मिला शव,जांच षुरु

 | 
राजगढ़ःदो सप्ताह से लापता युवक का कुएं में मिला शव,जांच षुरु


राजगढ़, 22 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंगपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को हाइवे किनारे स्थित एक कुएं में 29 वर्षीय युवक का शव मिला। युवक करीब दो सप्ताह से घर से बिना बताए लापता था। कुएं में शव दिखाई देने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस के अनुसार, वार्ड क्रमांक 3 निवासी कमल (29) पुत्र दुर्गाप्रसाद मालवीय का शव हाइवे से लगे हकीम खां के कुएं में पानी में तैरता मिला। स्थानीय लोगों की नजर कुएं में पड़े शव पर पड़ी। इसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया।

जानकारी के अनुसार कमल करीब दो सप्ताह पहले घर से बिना बताए चला गया था। काफी तलाश के बाद परिजनों ने सारंगपुर थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसके बाद से पुलिस भी युवक की तलाश कर रही थी। मंगलवार को उसका शव कुएं में मिलने के बाद परिजनों को सूचना दी गई। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक