home page

राजगढ़ः रेलवे ट्रैक पर मिला अज्ञात व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव,पहचान में जुटी पुलिस

 | 
राजगढ़ः रेलवे ट्रैक पर मिला अज्ञात व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव,पहचान में जुटी पुलिस


राजगढ़,10 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के देहात ब्यावरा थाना क्षेत्र में रुठियाई-मक्सी रेल मार्ग पर गुरुवार अलसुबह भड़क्या गांव के समीप रेलवे ट्रेक पर एक अज्ञात व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव मिला। शव कई टुकड़ों में बिखरा होने के कारण मौके पर उसकी पहचान नहीं हो सकी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव के टुकड़ों को एकत्रित कर सिविल अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल शव को मर्चुरी में सुरक्षित रखवाया गया है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति उज्जैन से देहरादून जाने वाली उज्जैनी एक्सप्रेस की चपेट में आया होगा।

पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस मृतक की पहचान के लिए उसके कपड़ों और मौके से मिले अन्य सामान के आधार पर जानकारी जुटा रही है। साथ ही आसपास के गांवों और क्षेत्र के लोगों से पूछताछ की जा रही है। जिले के साथ आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों से भी मृतक की पहचान का मिलान कराया जा रहा है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मृतक कौन था, कहां का रहने वाला था और रेलवे ट्रेक तक किन परिस्थितियों में पहुंचा। पहचान होने के बाद ही पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक