राजगढ़ः कमरे में पलंग पर मृतअवस्था में मिला किसान, जांच शुरू
राजगढ़, 07 जुलाई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बरखेड़ीगढ़ी में मंगलवार सुबह 45 वर्षीय किसान अपने कमरे में पलंग पर मृत अवस्था में मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान गजराज सिंह (45) पुत्र मोरसिंह गुर्जर निवासी बरखेड़ीगढ़ी के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि गजराज सिंह करीब छह से सात माह पहले एक महिला से शादी कर घर लेकर आया था। सोमवार को वह पत्नी को भोपाल में रिश्तेदार के यहां आयोजित एक शादी समारोह में छोड़कर शाम को वापस गांव लौट आया था। घर पहुंचने के बाद उसने परिजनों से सामान्य बातचीत की और अपने कमरे में सोने चला गया। मंगलवार सुबह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकलने पर परिजनों ने जाकर देखा तो वह पलंग पर अचेत अवस्था में पड़ा था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
परिजनों के अनुसार गजराज सिंह संयुक्त परिवार में रहता था, लेकिन मकान के अपने हिस्से के दो कमरों में अलग निवास करता था। उसके हिस्से में चार से पांच बीघा कृषि भूमि थी, जिससे वह खेती कर परिवार का भरण-पोषण करता था। फिलहाल उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

