home page

राजगढ़ः हाइवे ओवरब्रिज पर मिला सिर कुचला युवक का शव, पहचान के प्रयास जारी

 | 
राजगढ़ः हाइवे ओवरब्रिज पर मिला सिर कुचला युवक का शव, पहचान के प्रयास जारी


राजगढ़, 25 अप्रैल(हि.स.)। राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर देहात ब्यावरा थाना क्षेत्र में राजगढ़ बाइपास चाैराहा स्थित ओवरब्रिज पर शनिवार सुबह एक अज्ञात युवक का सिर कुचला शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही देहात ब्यावरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पंचनामा बनाकर सिविल अस्पताल भेजा। फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो सकी है और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह भी स्पष्ट नहीं है।

जानकारी के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 25 वर्ष बताई जा रही है। वह टी-शर्ट, लोअर और सैंडिल पहने हुए मिला, लेकिन उसकी जेब से न तो मोबाइल मिला और न ही कोई पहचान संबंधी कागज, जिससे उसकी पहचान की जा सके। इसी कारण पोस्टमार्टम की प्रक्रिया भी अभी रोकी गई है। पुलिस ने पहचान के लिए सोशल मीडिया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद लेना शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि युवक शुक्रवार देर रात बाइपास स्थित एक चाय की दुकान के सीसीटीवी कैमरे में दिखाई दिया था। यह भी जांच का विषय है कि युवक वहां कैसे पहुंचा और उसका हादसा हुआ या किसी अन्य कारण से उसकी मौत हुई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और जल्द ही युवक की पहचान उजागर होने की उम्मीद जताई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक