ग्वालियर : सागरताल में मिला महिला-पुरुष का शव, अलग-अलग कारणों से सुसाइड की आशंका

 | 
ग्वालियर : सागरताल में मिला महिला-पुरुष का शव, अलग-अलग कारणों से सुसाइड की आशंका


ग्वालियर, 05 अप्रैल (हि.स.)। ग्वालियर के सागरताल में शनिवार काे महिला और पुरुष का शव मिला है। राहगीरों ने शवों को देखकर पुलिस को सूचना दी। बहोड़ापुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शव बाहर निकलवाए। दाेनाें मृतकाें की पहचान हाे गई है। पुलिस ने दोनों के अलग-अलग कारणों से अलग-अलग सुसाइड करने की आशंका जताई है।

जानकारी अनुसार शहर के बहोड़ापुर थाना क्षेत्र स्थित सागरताल के पास शनिवार दोपहर करीब 1.30 बजे लोगों को एक महिला का शव उतराता हुआ दिखाई दिया। महिला साड़ी पहने हुए है। शव पेट के बल पड़ा हुआ था। लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। इसी दाैरान सागरताल के दूसरे छोर पर एक युवक का शव भी पानी में उल्टा उतराता दिखा है। सूचना के बाद माैके पर पहुंची पुलिस ने जांच उपरांत दोनों शवों की शिनाख्त करी ली। महिला की शिनाख्त साधना सिंह (50) निवासी सरकारी मल्टी सागरताल के रूप में हुई है। महिला पति के साथ अकेली रहती थी। उसकी दो बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। महिला शुक्रवार सुबह से लापता थी। जिसकी गुमशुदगी बहोडपुर थाने में शुक्रवार शाम को दर्ज कराई गई थी। वहीं मृतक पुरुष की पहचान राकेश माहौर (53) निवासी रंगियाना मोहल्ला चार शहर का नाका थाना ग्वालियर के रूप में हुई है। मृतक सब्जी का व्यवसाय करता था। वह चार दिन से लापता था। दो अप्रैल को ग्वालियर (किलागेट) थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज की गई है। उसके भी तीन बच्चे हैं। पुलिस ने दोनों के अलग-अलग कारणों से अलग-अलग सुसाइड करने की आशंका जताई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे