home page

दतिया : बिजली लाइन सुधारते समय कर्मचारी झुलसा, गंभीर हालत में झांसी रेफर

 | 
दतिया : बिजली लाइन सुधारते समय कर्मचारी झुलसा, गंभीर हालत में झांसी रेफर


दतिया, 08 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया जिले की भांडेर तहसील स्थित 33 केवी टीबी टावर सब स्टेशन पर शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। लाइन सुधार कार्य के दौरान अचानक बिजली सप्लाई चालू हो जाने से एक आउटसोर्स विद्युत कर्मचारी तेज करंट की चपेट में आ गया। हादसे में कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गया, जिसके बाद उसे प्राथमिक उपचार देकर झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

जानकारी के अनुसार धर्मेंद्र जाटव (35) निवासी दबोह, जिला भिंड पिछले करीब दो वर्षों से आउटसोर्स कर्मचारी के रूप में सब स्टेशन पर कार्यरत है।

शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे वह 33 केवी लाइन पर सुधार कार्य कर रहा था। इसी दौरान अचानक लाइन में सप्लाई शुरू हो गई और वह करंट की चपेट में आ गया।

करंट लगते ही सब स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने तत्काल बिजली सप्लाई बंद कर धर्मेंद्र को लाइन से बाहर निकाला। हादसे में वह करीब 60 प्रतिशत तक झुलस गया बताया जा रहा है।

घायल कर्मचारी को तत्काल भांडेर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

घटना के बाद बिजली विभाग की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो गए हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि लाइन पर कार्य के दौरान पर्याप्त सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया गया। यदि सुधार कार्य के समय बिजली सप्लाई पूरी तरह बंद रखी जाती तो यह हादसा टल सकता था।

फिलहाल मामले को लेकर बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा