home page

दतिया की जनता फिर लोकतंत्र की रक्षा करेगी, कांग्रेस पूरी ताकत से चुनाव मैदान में : जीतू पटवारी

 | 
दतिया की जनता फिर लोकतंत्र की रक्षा करेगी, कांग्रेस पूरी ताकत से चुनाव मैदान में : जीतू पटवारी


दतिया उपचुनाव को लेकर कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, नरोत्तम मिश्रा पर साधा निशाना

दतिया, 04 जुलाई (हि.स.)। दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर शनिवार को कांग्रेस ने शक्ति प्रदर्शन करते हुए विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया। सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कार्यकर्ताओं में चुनावी जोश भरते हुए भाजपा पर तीखे राजनीतिक हमले किए। दोनों नेता निर्धारित समय से करीब चार घंटे की देरी से दतिया स्थित मोटल होटल पहुंचे, जहां उनके पहुंचते ही कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा माहौल चुनावी रंग में रंग गया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है और आगामी उपचुनाव में जनता के आशीर्वाद से जीत दर्ज करने के लिए पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का उत्साह और संगठन की मजबूती इस बात का संकेत है कि प्रदेश में बदलाव की लहर है। पटवारी ने कांग्रेस के पूर्व विधायक राजेंद्र भारती का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने सत्ता के दबाव, लगातार अदालतों के चक्कर और राजनीतिक षड्यंत्रों के बावजूद कभी समझौता नहीं किया। उन्होंने कहा कि जनता के वोट, लोकतंत्र और आत्मसम्मान की रक्षा के लिए संघर्ष करना ही एक सच्चे जनप्रतिनिधि की पहचान है। दतिया की जनता की सराहना करते हुए पटवारी ने कहा कि ढाई वर्ष पहले जनता ने भाजपा के अहंकार को हराकर कांग्रेस पर विश्वास जताया था और इस बार भी लोकतंत्र विरोधी सोच को करारा जवाब देकर कांग्रेस को विजयी बनाएगी।

नरोत्तम मिश्रा पर साधा निशाना

अपने संबोधन में जीतू पटवारी ने भाजपा और पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने उन्हें अहंकारी भैया कहकर संबोधित करते हुए कहा कि दतिया की जनता उनके कथित राजनीतिक व्यवहार को कभी नहीं भूलेगी। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हुए अत्याचारों का भी जिक्र किया और भाजपा पर लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का आरोप लगाया। कार्यकर्ताओं को एकजुट रहने का संदेश देते हुए पटवारी ने कहा कि प्रत्याशी कोई भी हो, हर कार्यकर्ता का लक्ष्य कांग्रेस के चुनाव चिन्ह 'हाथ का पंजा' होना चाहिए। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं से ऊपर उठकर संगठन की जीत सुनिश्चित करनी होगी।

नामांकन की तारीख को लेकर मंच पर हुई चूक

भाषण के दौरान पटवारी ने पहले कांग्रेस प्रत्याशी का नामांकन 12 जुलाई को भरने की घोषणा की, लेकिन बाद में उन्हें बताया गया कि उस दिन रविवार है। इसके बाद उन्होंने कहा कि नामांकन शनिवार या सोमवार को दाखिल किया जाएगा।

प्रत्याशी के नाम पर बना रहा सस्पेंस

सम्मेलन के दौरान पटवारी ने कार्यकर्ताओं से पूछा, प्रत्याशी घोषित कर दूं क्या? इस पर कार्यकर्ताओं ने जोरदार आवाज में कहा, ऐलान कर दो। कुछ क्षण रुकने के बाद उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, मेरा प्रत्याशी हाथ का पंजा है। इसके साथ ही उन्होंने उम्मीदवार के नाम की घोषणा नहीं की, जिससे दावेदारों और कार्यकर्ताओं के बीच उत्सुकता बनी रही।

दिग्विजय का भाषण रुका, मंच से राजेंद्र भारती ने किया संबोधन

सम्मेलन के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भाषण दे रहे थे, तभी जीतू पटवारी एक मोबाइल फोन लेकर मंच पर पहुंचे। फोन पर पूर्व विधायक राजेंद्र भारती जुड़े थे। मोबाइल का स्पीकर ऑन कर माइक के पास रखा गया ताकि कार्यकर्ता भी उनकी बात सुन सकें। राजेंद्र भारती ने बताया कि दिल्ली में उनका हर्निया का ऑपरेशन हुआ है, जिसके कारण वे सम्मेलन में शामिल नहीं हो सके। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ चुनाव में जुटने का आह्वान किया।

उम्मीदवार को लेकर चर्चाएं तेज

दतिया उपचुनाव में कांग्रेस के कई नेता दावेदारी जता रहे हैं। ऐसे में यह सम्मेलन संगठनात्मक एकजुटता और चुनावी रणनीति को मजबूत करने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण माना जा रहा था। हालांकि उम्मीदवार के नाम की घोषणा नहीं होने से अब राजनीतिक हलकों में अटकलें और चर्चाएं और तेज हो गई हैं। सम्मेलन में पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह, पूर्व मंत्री प्रियव्रत सिंह, विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा, साहब सिंह गुर्जर, कैलाश कुशवाहा, पूर्व विधायक राधेलाल बघेल, मदन कुशवाहा, सुनील शर्मा, घनश्याम सिंह, नीतू सिकरवार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे