home page

दतिया उपचुनाव: परिहार समाज ने भाजपा को दिया समर्थन, खण्डेलवाल बोले-विकसित भारत के संकल्प में हर समाज की भागीदारी जरूरी

 | 
दतिया उपचुनाव: परिहार समाज ने भाजपा को दिया समर्थन, खण्डेलवाल बोले-विकसित भारत के संकल्प में हर समाज की भागीदारी जरूरी


दतिया/भोपाल, 26 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने रविवार को दतिया उपचुनाव कार्यालय में परिहार समाज के प्रबुद्धजनों एवं गणमान्य नागरिकों की बैठक को संबोधित किया। बैठक में परिहार समाज के प्रतिनिधियों ने भाजपा को अपना समर्थन देने की घोषणा करते हुए दतिया उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को ऐतिहासिक मतों से विजयी बनाने का संकल्प व्यक्त किया।

प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सभी समाजों को साथ लेकर विकसित भारत के निर्माण के लिए कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में प्रत्येक समाज की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने समाज के लोगों से भाजपा को आशीर्वाद देने और दतिया के विकास के लिए भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

सबका साथ, सबका विकास भाजपा की कार्यशैली का आधार

हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि भाजपा सरकार और संगठन समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण, आर्थिक सशक्तिकरण और सम्मान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल योजनाएं बनाने तक सीमित नहीं रहती, बल्कि अंतिम व्यक्ति तक उनका लाभ पहुंचाने को अपनी प्राथमिकता मानती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश की डबल इंजन सरकार समाज के सभी वर्गों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर रही है।

भाजपा में सर्वसमावेशी प्रतिनिधित्व, कांग्रेस पर साधा निशाना

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार ने विभिन्न समाजों के उत्थान और विकास के लिए कई बोर्ड एवं आयोग गठित किए हैं। संगठन स्तर पर भी समाज के प्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं को निगम-मंडलों तथा संगठन में व्यापक अवसर दिए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जहां भाजपा सर्वसमावेशी विकास और लोकतांत्रिक कार्यप्रणाली में विश्वास रखती है, वहीं कांग्रेस केवल तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति तक सीमित है।

बैठक में सांसद एवं दतिया चुनाव प्रभारी भारत सिंह कुशवाहा, पूर्व मंत्री एवं विधायक हरिशंकर खटीक, खंगार-परिहार समाज के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं डबरा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी कप्तान सिंह सहसारी, देवेंद्र प्रताप सिंह तोमर, सरदार सिंह परिहार, जयराम परिहार, धर्मेंद्र परिहार, मुकेश परिहार, गोविंद परिहार तथा सुनील परिहार सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे