home page

सागरः दतिया उपचुनाव में कांग्रेस की जीत पर कार्यकर्ताओं ने निकाली भव्य विजय रैली

 | 
सागरः दतिया उपचुनाव में कांग्रेस की जीत पर कार्यकर्ताओं ने निकाली भव्य विजय रैली


सागर, 03 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव के नतीजों में कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह की जीत के बाद सागर जिले में पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के बीच जबरदस्त उत्साह और हर्ष की लहर देखी जा रही है। इस जीत को लेकर सागर, बीना और देवरी समेत पूरे जिले भर में कांग्रेसजनों ने मुख्य मार्गों से भव्य विजय रैली निकालकर अपनी खुशी का इजहार किया।

उत्सव के दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी की और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर कांग्रेस की इस शानदार सफलता का जश्न मनाया। इस मौके पर नेताओं ने कहा कि यह विजय केवल एक प्रत्याशी की जीत नहीं है, बल्कि क्षेत्र की जनता के अटूट विश्वास, कांग्रेस की जनहितकारी नीतियों और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं द्वारा की गई अथक मेहनत का परिणाम है।

सागर शहर के प्रमुख केंद्र तीन बत्ती चौराहा, बीना के सर्वोदय चौराहा व गांधी चौक और देवरी नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों पर विजय रैलियों का आयोजन किया गया। देवरी में आयोजित रैली में पूर्व मंत्री हर्ष यादव विशेष रूप से शामिल हुए। रैलियों में शामिल कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते हुए कांग्रेस पार्टी और विजयी प्रत्याशी के समर्थन में नारे लगाए। स्थानीय कांग्रेस नेतृत्व ने दतिया की जनता का आभार जताते हुए घनश्याम सिंह को उनके उज्ज्वल जनसेवा के कार्यकाल के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे