दतिया: बाबा साहेब के सिद्धांतों पर चल रही है भाजपा : डॉ. नरोत्तम मिश्रा
दतिया, 14 अप्रैल (हि.स.)। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर मध्य प्रदेश के दतिया जिले के बड़ौनी और इंदरगढ़ में आयोजित कार्यक्रमों में नेताओं ने बाबा साहेब के विचारों और योगदान को याद किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि बाबा साहेब देश की अमूल्य धरोहर हैं और उनके विचार आज भी समाज को दिशा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी बाबा साहेब के सिद्धांतों पर चल रही है और उनके सम्मान में पंच तीर्थों का निर्माण कराया गया है।
इस अवसर पर भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष पवन पार्टीदार, जिला अध्यक्ष रघुवीर कुशवाहा, जिला महामंत्री अतुल भूरे चौधरी, भगवान सिंह कुशवाहा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
वहीं इंदरगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में विधायक प्रदीप अग्रवाल ने कहा कि डॉ. अंबेडकर एक महान समाज सुधारक और दूरदर्शी महापुरुष थे। उन्होंने दलितों, शोषित वर्ग और महिलाओं के उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
एडवोकेट राजेश कुमार जाटव ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. अंबेडकर दलितों के मसीहा थे और नारी सशक्तिकरण में उनके योगदान को सदैव स्मरण किया जाएगा। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और आमजन मौजूद रहे, जिन्होंने बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

