home page

दतिया विधानसभा उपचुनाव : कार्यकर्ता ही भाजपा संगठन की सबसे बड़ी ताकत - डॉ. नरोत्तम मिश्रा

 | 
दतिया विधानसभा उपचुनाव : कार्यकर्ता ही भाजपा संगठन की सबसे बड़ी ताकत - डॉ. नरोत्तम मिश्रा


दतिया, 09 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने चुनावी गतिविधियां तेज कर दी हैं। भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित कार्यकर्ताओं की बैठक में पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी शक्ति है। चुनाव भाषणों से नहीं, बल्कि बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की मेहनत, जनता से निरंतर संपर्क और संगठन के प्रति समर्पण से जीते जाते हैं।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपने बूथ को मजबूत बनाने का संकल्प लेकर घर-घर संपर्क करे तथा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाए। उन्होंने कहा कि विपक्ष के दुष्प्रचार का तथ्यों के आधार पर जवाब देना भी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। डॉ. मिश्रा ने विश्वास जताया कि दतिया की जनता विकास, सुशासन और भरोसे की राजनीति के साथ खड़ी है।

बैठक में डॉ. मिश्रा ने विधानसभा उपचुनाव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मंडल और बूथ स्तर की संगठनात्मक स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कार्यकर्ताओं के सुझाव सुने और चुनाव संचालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता स्वयं को प्रत्याशी मानकर चुनाव में सक्रिय भूमिका निभाए, ताकि प्रत्येक बूथ पर भाजपा को अधिकतम समर्थन मिल सके।

बैठक के अलावा रावत समाज की बैठक भी आयोजित की गई। वहीं माई निवास पर आयोजित कार्यक्रम में 200 से अधिक लोगों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

कार्यक्रमों में पाल समाज के अध्यक्ष शैतान सिंह पाल, पूर्व मंत्री एवं वन विकास निगम के अध्यक्ष रामनिवास रावत, भाजपा के जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, विभिन्न मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा