home page

मंदसौरः बच्चों को विटामिन 'ए' का घोल पिलाकर की गई दस्तक अभियान की शुरूआत

 | 
मंदसौरः बच्चों को विटामिन 'ए' का घोल पिलाकर की गई दस्तक अभियान की शुरूआत


मंदसौर, 14 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, कुपोषण से मुक्ति और त्वरित उपचार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला चिकित्सालय में मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा दस्तक अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अभियान का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष रमादेवी बंशीलाल गुर्जर द्वारा किया गया।

बच्चों को विटामिन 'ए' का घोल पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गोविंद सिंह चौहान ने बताया कि बच्चों के स्वास्थ्य को समर्पित यह विशेष अभियान प्रारंभ होकर आगामी 31 अगस्त 2026 तक पूरे जिले में निरंतर संचालित किया जाएगा। अभियान को जमीनी स्तर पर शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए जिले में 200 विशेष टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें घर-घर जाकर जिले के 1,51,569 बच्चों की स्क्रीनिंग करेंगी। स्क्रीनिंग के दौरान प्रत्येक बच्चे के स्वास्थ्य की जांच के साथ-साथ उनके परिजनों को दो ओआरएस पैकेट और 14 जिंक की गोलियां अनिवार्य रूप से प्रदान की जाएंगी, ताकि बच्चों को डायरिया और डिहाइड्रेशन जैसी बीमारियों से बचाया जा सके। स्क्रीनिंग के पश्चात यदि कोई बच्चा गंभीर रूप से कुपोषित पाया जाता है, तो उसे जिले में 7 पोषण पुनर्वास केंद्रों में तत्काल भर्ती कर विशेषज्ञों की देखरेख में निशुल्क उपचार और पौष्टिक आहार प्रदान किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया