सिहोरा में खाद की कालाबाजारी का खुलासा, 90 बोरी यूरिया-डीएपी जब्त
जबलपुर, 11 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के सिहोरा थाना क्षेत्र में खाद की कथित अवैध बिक्री और परिवहन का मामला सामने आया है। कृषि विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बिना वैध दस्तावेज के परिवहन की जा रही 90 बोरी खाद जब्त की गई है। इसमें 70 बोरी यूरिया और 20 बोरी डीएपी शामिल है। मामले में सहकारी विपणन समिति सिहोरा के लिपिक तथा एक निजी कृषि केंद्र संचालक के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार, कृषि विभाग को सूचना मिली थी कि सिहोरा क्षेत्र में खाद का अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस और कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में नाकाबंदी कर वाहन क्रमांक एमपी 20 जीए 5016 को रोका। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें यूरिया की 70 और डीएपी की 20 बोरियां मिलीं।
टीम ने वाहन चालक से खाद के परिवहन एवं उसकी खरीदी से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह बिल अथवा अनुमति संबंधी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद टीम ने वाहन में लदी पूरी खाद को जब्त कर लिया।
जांच रिपोर्ट पर दो आरोपित बनाए गए
मामले में वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी 62 वर्षीय जयपाल सिंह राठौड़ की लिखित जांच रिपोर्ट के आधार पर सहकारी विपणन समिति सिहोरा के लिपिक सिद्धांत तिवारी, पिता जगनारायण तिवारी और पटेल कृषि केंद्र, खलरी महगवां के संचालक नितेश पटेल, पिता लक्ष्मण पटेल के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।
प्रारंभिक जांच में जब्त खाद की खेप का संबंध सरकारी समिति और निजी कृषि केंद्र से सामने आया है। आरोप है कि समिति में पदस्थ लिपिक सिद्धांत तिवारी ने खाद को नियमों के विपरीत बाहर निकाला और निजी कृषि केंद्र संचालक नितेश पटेल के साथ मिलकर उसे ऊंचे दाम पर बेचने की तैयारी की जा रही थी।
कालाबाजारी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश
थाना प्रभारी प्रतीक्षा मार्को ने मंगलवार को बताया कि कृषि विस्तार अधिकारी की शिकायत पर जांच के बाद दोनों आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3 और 7 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि खाद की कथित अवैध बिक्री में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। साथ ही पूर्व में भी खाद की कितनी मात्रा का अवैध परिवहन या कालाबाजारी की गई है, इसकी भी जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

