home page

बारिश के बीच दमोह में मना स्वतंत्रता दिवस, देशभक्ति के उत्साह के साथ व्यवस्थाओं पर भी उठे सवाल

 | 
बारिश के बीच दमोह में मना स्वतंत्रता दिवस, देशभक्ति के उत्साह के साथ व्यवस्थाओं पर भी उठे सवाल


बारिश के बीच दमोह में मना स्वतंत्रता दिवस, देशभक्ति के उत्साह के साथ व्यवस्थाओं पर भी उठे सवाल


दमोह, 15 अगस्त (हि.स.)। मध्यप्रदेश के दमोह जिला मुख्यालय स्थित तहसील मैदान में शनिवार को 80वें स्वतंत्रता दिवस का जिला स्तरीय समारोह बारिश के बीच आयोजित किया गया। लगातार बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में नागरिक समारोह में पहुंचे। प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मेंद्र सिंह लोधी ने ध्वजारोहण कर जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

ध्वजारोहण के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया। उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री का संदेश सुना। इस दौरान भोपाल में आयोजित मुख्य समारोह की झलकियां भी दिखाई गईं।

बारिश में भी दिखा देशभक्ति का उत्साह

राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि लगातार बारिश के बावजूद लोगों के उत्साह में कमी नहीं आई। बड़ी संख्या में नागरिकों की मौजूदगी जिले में देशभक्ति की भावना को दर्शाती है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर संचालित ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि जिलेवासियों ने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।

सड़क और जल परियोजनाओं की दी जानकारी

राज्यमंत्री ने समारोह में जिले में चल रहे विकास कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दमोह को पन्ना और छतरपुर से जोड़ने वाले मडियादों-बर्धा-किशनगढ़ मार्ग के 27.80 किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण के लिए 74 करोड़ 44 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत 100.52 किलोमीटर लंबाई के 21 मार्गों का 147 करोड़ 52 लाख रुपये की लागत से निर्माण कार्य प्रगतिरत है।

उन्होंने बताया कि दमोह-पटेरा और जबेरा-तेंदूखेड़ा समूह जल प्रदाय योजनाओं का कार्य पूरा हो चुका है और जिले के 657 गांवों में जल प्रदाय किया जा रहा है। सतधरु मध्यम सिंचाई परियोजना में बांध का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि नहर का 95 प्रतिशत काम पूरा होने की जानकारी दी गई।

शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में कार्य प्रगतिरत

शिक्षा क्षेत्र में छह सांदीपनि विद्यालयों के फिनिशिंग कार्य नवंबर-दिसंबर तक पूरा होने की संभावना जताई गई। 18 पीएमश्री विद्यालयों में अटल लैब और खेल मैदान तथा 12 हायर सेकेंडरी विद्यालयों में अतिरिक्त कक्ष और विज्ञान प्रयोगशालाओं के निर्माण कार्य प्रगतिरत बताए गए।

स्वास्थ्य क्षेत्र में 355 करोड़ 34 लाख रुपये की लागत से नवीन चिकित्सा महाविद्यालय भवन के निर्माण की जानकारी दी गई। इसके साथ ही पांच प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, 29 उप स्वास्थ्य केंद्र और चार बीपीएचयू भवनों के निर्माण एवं विकास कार्यों तथा जिला चिकित्सालय में 50 बिस्तरीय क्रिटिकल केयर हेल्थ ब्लॉक के निर्माण का उल्लेख किया गया।

तेज बारिश से सांस्कृतिक कार्यक्रम रोकना पड़ा

समारोह में विभिन्न विद्यालयों के करीब 1500 छात्र-छात्राओं ने सामूहिक पीटी और व्यायाम प्रदर्शन किया। सांदीपनि विद्यालय तथा सेंट नार्बट स्कूल के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। हालांकि अचानक तेज बारिश शुरू होने के कारण सांस्कृतिक कार्यक्रम बीच में रोकना पड़ा और विद्युत आपूर्ति भी बंद कर दी गई।

बारिश के कारण कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को लेकर भी चर्चाएं सामने आईं। व्यवस्था में बदलाव के चलते विद्यार्थियों को दोबारा मैदान में आने की स्थिति बनने तथा दो विद्यार्थियों के बेहोश होने की चर्चा रही। हालांकि इन घटनाओं की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

मंच और बैठक व्यवस्था को लेकर भी चर्चा

समारोह के दौरान मंच व्यवस्था को लेकर भी असहज स्थिति की चर्चा रही। बताया गया कि मंच पर कुछ लोगों की मौजूदगी को लेकर उद्घोषक को माइक से मंच खाली करने के लिए कहना पड़ा। बाद में पुलिस से भी मंच खाली कराने का अनुरोध किए जाने की बात सामने आई। हालांकि इस संबंध में आयोजकों की ओर से कोई विस्तृत आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई।

लोकतंत्र सेनानियों को माला, शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। उनकी बैठक व्यवस्था को लेकर भी नाराजगी की चर्चा रही। समारोह की कवरेज करने पहुंचे पत्रकारों के लिए बैठक व्यवस्था को लेकर भी अव्यवस्था की बातें सामने आईं।

मिष्ठान वितरण को लेकर भी अलग-अलग चर्चाएं रहीं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल कुछ प्रतिभागियों को मिष्ठान के एक-दो पैकेट मिलने और कुछ को पैकेट नहीं मिलने की बात कही गई। हालांकि मिष्ठान की कुल मात्रा और वितरण का कोई आधिकारिक विवरण सामने नहीं आया।

मुख्यमंत्री ने जन विश्वास अभियान का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संदेश में ‘मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान’ का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य जनविश्वास और जनसंवाद को मजबूत करना है। अभियान का लक्ष्य ‘न देरी, न दूरी’ रखा गया है और इसका प्रथम चरण 8 जनवरी 2027 तक संचालित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 4 लाख 38 हजार करोड़ रुपये के बजट के साथ किसान कल्याण, सिंचाई, दुग्ध उत्पादन, लाड़ली बहना और लाड़ली लक्ष्मी योजना सहित सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी।

समारोह में प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सुभाष सोलंकी, सांसद राहुल सिंह लोधी, विधायक जयंत मलैया, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे, जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटेल, पूर्व सांसद चंद्रभान सिंह, पूर्व विधायक पी.एल. तंतुवाय, कलेक्टर प्रताप नारायण यादव, पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी, डीएफओ ईश्वर जरांडे, जिला पंचायत सीईओ प्रवीण फुलपगारे, अतिरिक्त कलेक्टर राकेश मोहन त्रिपाठी, एसडीएम सौरभ गंधर्व सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी और आमजन मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव