home page

दमोहः ईद मिलादुन्नबी पर निकला जुलूस, धार्मिक उत्साह

 | 
दमोहः ईद मिलादुन्नबी पर निकला जुलूस, धार्मिक उत्साह


दमोहः ईद मिलादुन्नबी पर निकला जुलूस, धार्मिक उत्साह


दमोहः ईद मिलादुन्नबी पर निकला जुलूस, धार्मिक उत्साह


दमोह, 26 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमोह में बुधवार को ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर मुस्लिम समाज की ओर से विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुर्शीद बाबा मैदान से सुबह धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत हुई और इसके बाद बड़ी संख्या में लोगों ने जुलूस में भाग लिया। पूरे आयोजन के दौरान धार्मिक उत्साह के साथ सामाजिक सौहार्द और भाईचारे का वातावरण नजर आया।

मुर्शीद बाबा मैदान में सुबह करीब 7 बजे परचम कुशाई की रस्म के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसके बाद शहर के अलग-अलग मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों से लोग जुलूस में शामिल होने के लिए पहुंचे। सिर पर टोपी और पारंपरिक परिधान में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही। लोगों ने एक-दूसरे को ईद मिलादुन्नबी की शुभकामनाएं दीं तथा अमन, शांति और खुशहाली की कामना की।

कार्यक्रम के बाद जुलूस निर्धारित मार्ग से रवाना हुआ। लगभग तीन किलोमीटर की दूरी तय करते हुए जुलूस शहर के प्रमुख हिस्सों से होकर घंटाघर पहुंचा। रास्ते में अनेक स्थानों पर स्थानीय लोगों ने जुलूस में शामिल लोगों का स्वागत किया। आयोजन में बड़ी संख्या में युवाओं, बुजुर्गों और बच्चों की भागीदारी भी दिखाई दी।

जुलूस को लेकर जिला प्रशासन ने पहले से सुरक्षा और यातायात की व्यवस्थाएं की थीं। एसडीएम निकेत चौरसिया, तहसीलदार राबिन जैन, तहसीलदार पारूल चौधरी तथा राजस्व विभाग के अधिकारी अलग-अलग स्थानों पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे।

पुलिस की ओर से भी सुरक्षा को लेकर विशेष निगरानी की गई। पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने स्वयं जुलूस मार्ग का निरीक्षण किया। प्रमुख स्थानों पर ऊंची इमारतों से दूरबीन के जरिए निगरानी की गई, जबकि ड्रोन से भी जुलूस की गतिविधियों पर नजर रखी गई।

सुरक्षा व्यवस्था में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह, नगर पुलिस अधीक्षक एच.आर. पांडे, सिटी कोतवाली थाना प्रभारी मनीष कुमार, दमोह देहात थाना प्रभारी धर्मेंद्र उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और कर्मचारी तैनात रहे।

जुलूस के दौरान यातायात को व्यवस्थित रखने की जिम्मेदारी यातायात पुलिस ने संभाली। थाना प्रभारी दलबीर मार्को और यातायात थाना निरीक्षक अंजली जोशी के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने प्रमुख चौराहों एवं जुलूस मार्ग पर यातायात को नियंत्रित किया।

ईद मिलादुन्नबी का कार्यक्रम शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। प्रशासन और पुलिस की सक्रिय मौजूदगी के बीच जुलूस निर्धारित मार्ग से निकला और आयोजन में अमन, शांति तथा आपसी भाईचारे का संदेश प्रमुखता से सामने आया।

डीजे की आवाज को लेकर चर्चा, नियमों के समान पालन पर उठे सवालईद मिलादुन्नबी का आयोजन शांतिपूर्ण रूप से संपन्न होने के बावजूद जुलूस और शहर के कुछ हिस्सों में तेज आवाज में बजाए गए डीजे को लेकर सवाल भी सामने आए। स्थानीय स्तर पर लोगों के बीच यह विषय चर्चा का कारण बना रहा।

लोगों का कहना है कि धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों से पहले शांति समिति की बैठकों में ध्वनि सीमा, डीजे और कानून-व्यवस्था को लेकर दिशा-निर्देश दिए जाते हैं। ऐसे में इन निर्देशों का आयोजन स्थल और जुलूस मार्ग पर कितना पालन हुआ, इसको लेकर सवाल उठाए गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव