home page

दमोहः विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में प्रभारी मंत्री इंदर सिंह परमार ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

 | 
दमोहः विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में प्रभारी मंत्री इंदर सिंह परमार ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश


दमोहः विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में प्रभारी मंत्री इंदर सिंह परमार ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश


दमोह, 14 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा तथा जिले के प्रभारी मंत्री इंदर सिंह परमार ने गुरुवार को दमोह कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शासन की जनहितकारी योजनाओं का लाभ समय पर पात्र हितग्राहियों तक पहुंचना चाहिए तथा विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखना अनिवार्य है।

बैठक की शुरुआत कलेक्टर प्रताप नारायण यादव द्वारा प्रभारी मंत्री एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों के स्वागत से हुई। इसके पश्चात कलेक्टर ने जिले में संचालित निर्माण कार्यों, विकास योजनाओं एवं विभागीय गतिविधियों की जानकारी प्रस्तुत करते हुए विभिन्न परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया।

समीक्षा बैठक में प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन एवं धार्मिक न्यास राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मेंद्र सिंह लोधी, पशुपालन एवं डेयरी राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार लखन पटेल, विधायक जयंत मलैया, विधायक उमादेवी खटीक तथा जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटेल उपस्थित रहे।इसके अलावा पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी, जिला पंचायत सीईओ प्रवीण फुलपगारे सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी बैठक में मौजूद रहे।

बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री ने सड़क निर्माण, पेयजल व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा, ग्रामीण विकास, नगरीय विकास, राजस्व प्रकरणों एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए तथा जनता की समस्याओं के निराकरण में अनावश्यक देरी न हो।

प्रभारी मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास कार्यों को लेकर गंभीर है और प्रत्येक योजना की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। उन्होंने कहा कि मैदानी स्तर पर कार्यों की गुणवत्ता दिखाई देनी चाहिए तथा योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र व्यक्तियों तक पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए।

बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े विकास कार्यों एवं स्थानीय समस्याओं को उठाया, जिस पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने विभाग की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की तथा आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी। समीक्षा बैठक के अंत में प्रभारी मंत्री ने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने और विकास कार्यों में गति लाने के निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव