home page

दमोह: कलेक्टर ने सरकारी कार्यालयों का किया औचक निरीक्षण, 18 कर्मचारी मिले अनुपस्थित

 | 
दमोह: कलेक्टर ने सरकारी कार्यालयों का किया औचक निरीक्षण, 18 कर्मचारी मिले अनुपस्थित


दमोह: कलेक्टर ने सरकारी कार्यालयों का किया औचक निरीक्षण, 18 कर्मचारी मिले अनुपस्थित


दमोह, 19 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमोह कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने गुरुवार को विभिन्न शासकीय संस्थानों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान जिला आयुष अधिकारी कार्यालय एवं जिला आयुष अस्पताल में नौ कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए, जबकि जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास कार्यालय में भी नौ कर्मचारी गैरहाजिर मिले। दोनों विभागों के अनुपस्थित कर्मचारियों का तीन-तीन दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए हैं।

निरीक्षण के दौरान जिला आयुष अधिकारी की कार्यप्रणाली में भी लापरवाही सामने आई। कलेक्टर ने अधीनस्थ कर्मचारियों की उपस्थिति की नियमित निगरानी नहीं किए जाने को गंभीरता से लेते हुए जिला आयुष अधिकारी का पूरे माह का वेतन रोकने के निर्देश दिए। कलेक्टर के अनुसार बार-बार निर्देश दिए जाने के बावजूद कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित नहीं की जा रही थी।

आयुष अस्पताल के निरीक्षण में एक अन्य मामला सामने आया, जहां ओपीडी रजिस्टर में अस्पताल खुलने के निर्धारित समय से पहले ही मरीजों की ओपीडी दर्ज पाई गई। कलेक्टर ने इस प्रविष्टि को गंभीर अनियमितता मानते हुए रजिस्टर की फोटोकॉपी भी कराई। इस मामले में अस्पताल प्रभारी आरएमओ डॉ. बृजेश कुलपारिया का पूरे माह का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। अस्पताल खुलने से पहले ही ओपीडी की प्रविष्टियां दर्ज होने की स्थिति को लेकर प्रशासन ने गंभीरता दिखाई है।

महिला एवं बाल विकास कार्यालय में भी मिली अनुपस्थितिकलेक्टर ने जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास कार्यालय का भी निरीक्षण किया। यहां नौ कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। सभी का तीन-तीन दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग के जिला स्तरीय अधिकारी प्रशिक्षण में गए हुए थे, लेकिन अधीनस्थ कर्मचारियों की उपस्थिति की समुचित निगरानी नहीं किए जाने के कारण संबंधित अधिकारी को नोटिस जारी किए जा रहे हैं।

महिला एवं बाल विकास विभाग में महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित विभिन्न शासकीय योजनाओं का क्रियान्वयन किया जाता है। ऐसे में कार्यालय में कर्मचारियों की नियमित उपलब्धता और हितग्राहियों के कार्यों का समय पर निराकरण सुनिश्चित करना आवश्यक है।

सार्थक एप पर उपस्थिति, लेकिन महाविद्यालय में नहीं मिले कर्मचारीनिरीक्षण के क्रम में कलेक्टर कमला नेहरू महिला महाविद्यालय भी पहुंचे। सुबह 10:30 बजे किए गए निरीक्षण में दो कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। महाविद्यालय में प्राध्यापकों का निर्धारित कार्यालयीन समय सुबह 11 बजे से बताया गया।

इसके अतिरिक्त तीन प्राध्यापक एवं तीन अतिथि विद्वान मौके पर अनुपस्थित मिले, जबकि सार्थक एप पर उनकी उपस्थिति दर्ज थी। डिजिटल उपस्थिति और मौके पर वास्तविक अनुपस्थिति के बीच अंतर पाए जाने पर कलेक्टर ने संबंधितों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। संबंधितों के जवाब प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासनिक निगरानी के बावजूद लापरवाही पर सख्तीलगातार शासकीय कार्यालयों का निरीक्षण किए जाने के बावजूद विभिन्न विभागों में कर्मचारियों की अनुपस्थिति के मामले सामने आना विभागीय निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। निरीक्षण में एक ओर कर्मचारियों की अनुपस्थिति मिली, वहीं दूसरी ओर सार्थक एप पर उपस्थिति दर्ज होने के बावजूद महाविद्यालय में प्राध्यापकों एवं अतिथि विद्वानों की अनुपलब्धता का मामला सामने आया।

कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने अधिकारी-कर्मचारियों को निर्धारित समय पर कार्यालय पहुंचने और आम नागरिकों के कार्यों का संवेदनशीलता एवं पारदर्शिता के साथ समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक सुविधाएं और वेतन उपलब्ध कराया जाता है, इसलिए उनसे अपेक्षा है कि वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करें।

प्रशासन का उद्देश्य शासकीय कार्यालयों में अनुशासन बनाए रखने के साथ आम नागरिकों को समय पर सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि लोगों को अपने कार्यों के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। आज 19 नवंबर को किए गए निरीक्षण में सामने आए मामलों के बाद संबंधित कर्मचारियों एवं अधिकारियों पर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव