home page

दमोहः सागर स्टेट हाईवे पर ट्रक, बोलेरो और बाइक की भीषण टक्कर, चार लोगों की मौत और 2 घायल

 | 
दमोहः सागर स्टेट हाईवे पर ट्रक, बोलेरो और बाइक की भीषण टक्कर, चार लोगों की मौत और 2 घायल


दमोहः सागर स्टेट हाईवे पर ट्रक, बोलेरो और बाइक की भीषण टक्कर, चार लोगों की मौत और 2 घायल


दमोहः सागर स्टेट हाईवे पर ट्रक, बोलेरो और बाइक की भीषण टक्कर, चार लोगों की मौत और 2 घायल


दमोह, 10 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमोह जिला मुख्यालय से कुछ ही किलोमीटर दूरी पर ग्राम बांसा तारखेड़ा के पास दमोह-सागर स्टेट हाईवे पर शुक्रवार शाम करीब 4 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां एक ट्रक, महिंद्रा बोलेरो वाहन और मोटरसाइकिल के बीच हुई जोरदार टक्कर में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। घायलों को वाहनों से बाहर निकालने का प्रयास किया गया, जिसके बाद एंबुलेंस के माध्यम से उन्हें जिला चिकित्सालय भेजा गया।

हादसे की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदोरिया के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने यातायात नियंत्रित किया और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

जिला प्रशासन भी तत्काल सक्रिय हो गया। कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर के निर्देश पर तहसीलदार रॉबिन जैन, पारूल चौधरी और रघुनंदन चतुर्वेदी सहित राजस्व विभाग का अमला मौके पर पहुंचा। आरआई अभिषेक जैन के साथ पटवारी और अन्य कर्मचारियों ने रेस्क्यू कार्यवाही में सहयोग किया।

घटना की सूचना मिलते ही जिला चिकित्सालय दमोह में डॉ. मधुर चौधरी, डॉ. हेमराज और डॉ. सूर्यवंशी सहित चिकित्सा स्टाफ ने तत्काल मोर्चा संभाल लिया। अस्पताल में लाए गए घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया, जबकि चार लोगों को मृत घोषित कर दिया गया।

कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए बताया कि बांसा तारखेड़ा गांव के समीप ट्रक, बोलेरो और मोटरसाइकिल की भिड़ंत में चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि दो घायल हैं। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है और जिला अस्पताल को अलर्ट कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत दुखद घटना है और प्रशासन पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है। शासन की ओर से मिलने वाली हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

पहचान की प्रक्रिया जारीप्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतकों में से दो स्थानीय निवासी बताए जा रहे हैं, जबकि अन्य की पहचान की प्रक्रिया जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव