home page

विकसित भारत युवा संसद में गूंजा युवा शक्ति का स्वर, राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान

 | 
विकसित भारत युवा संसद में गूंजा युवा शक्ति का स्वर, राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान


मैहर, 09 मार्च (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के मैहर के शासकीय विवेकानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय (पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस) में “विकसित भारत युवा संसद 2026” के अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन उत्साह और ऊर्जा के साथ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर विचार साझा किए।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष गीता संतोष सोनी शामिल हुईं। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि जागरूक, शिक्षित और संस्कारी युवा ही किसी भी राष्ट्र की वास्तविक शक्ति होते हैं। देश का भविष्य युवाओं की ऊर्जा, परिश्रम और सकारात्मक सोच पर आधारित होता है। यदि युवा सही दिशा में आगे बढ़ें तो भारत को विकसित राष्ट्र बनने से कोई नहीं रोक सकता।

वक्ताओं ने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति भी सचेत किया। उन्होंने कहा कि नशा आज समाज के सामने एक गंभीर चुनौती बन चुका है, जो युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को अंधकार की ओर धकेल सकता है। नशा न केवल व्यक्ति को बल्कि उसके परिवार और पूरे समाज को भी नुकसान पहुंचाता है। ऐसे में युवाओं को स्वयं नशे से दूर रहकर समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों से आह्वान किया गया कि वे शिक्षा, अनुशासन और संस्कार को अपना मार्गदर्शक बनाकर आगे बढ़ें तथा अपने माता-पिता, गुरुजनों और देश का नाम रोशन करें। साथ ही विश्वास व्यक्त किया गया कि मैहर के युवा अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेश सिंह, श्री जयंती महेश तिवारी सहित महाविद्यालय के सभी प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी