home page

'साइबर सेफ क्लिक अभियान 2.0' संपन्न, 500 विद्यार्थियों ने ली साइबर सुरक्षा और नशामुक्ति की शपथ

 | 
'साइबर सेफ क्लिक अभियान 2.0' संपन्न, 500 विद्यार्थियों ने ली साइबर सुरक्षा और नशामुक्ति की शपथ


भोपाल, 01 जुलाई (हि.स.)। युवाओं को साइबर अपराधों और सामाजिक बुराइयों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से नगरीय पुलिस भोपाल द्वारा चलाए जा रहे 'साइबर सेफ क्लिक अभियान 2.0' के तहत बुधवार को सैम ग्लोबल यूनिवर्सिटी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 500 विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन और नशामुक्ति की शपथ ली।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने डिजिटल अरेस्ट, ओटीपी फ्रॉड, फर्जी निवेश योजनाओं, बैंक लोन फ्रॉड और ऑनलाइन जॉब फ्रॉड जैसे अपराधों से बचने के उपायों की जानकारी दी। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि तकनीक का उपयोग सावधानी और जिम्मेदारी के साथ करना जरूरी है। उन्होंने युवाओं को किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने, अपनी निजी जानकारी साझा करने से बचने और ऑनलाइन लेन-देन में सतर्कता बरतने की सलाह दी।

कार्यक्रम के दौरान यातायात अनुशासन और नशे के दुष्प्रभावों को लेकर भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। इसके बाद उपस्थित छात्रों ने साइबर सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन और नशामुक्त जीवन का संकल्प लिया। प्रश्न-उत्तर सत्र में विद्यार्थियों ने साइबर अपराधों से जुड़े सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने समाधान किया। इस अवसर पर डीसीपी जोन-2 विकास कुमार सहवाल (आईपीएस), अतिरिक्त उपायुक्त अपराध शाखा शैलेंद्र सिंह चौहान, एसीपी मिसरोद डॉ. रजनीश कश्यप सहित साइबर क्राइम ब्रांच की टीम मौजूद रही। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के लिए जागरूक करना और उन्हें जिम्मेदार नागरिक के रूप में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे