जबलपुर : आईएमए भवन में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम में चिकित्सकों ने समझे साइबर फ्रॉड से बचने के उपाय
जबलपुर, 04 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में सेफ क्लिक 2.0 अभियान के अंतर्गत शनिवार को आईएमए भवन में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम साइबर सेल जबलपुर और पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सहयोग से संपन्न हुआ, जिसमें चिकित्सकों को साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में साइबर थाना प्रभारी भूपेंद्र आर्मो एवं साइबर विशेषज्ञ नीरज नेगी ने उपस्थित चिकित्सकों को डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन साइबर फ्रॉड, हनी ट्रैप, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा मोबाइल सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि थोड़ी-सी सतर्कता अपनाकर अधिकांश साइबर अपराधों से बचा जा सकता है तथा किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या संदेश पर बिना सत्यापन के प्रतिक्रिया नहीं देनी चाहिए।
आईएमए अध्यक्ष डॉ. ऋचा शर्मा एवं सचिव डॉ. शामिख रज़ा ने अतिथियों का आईएमए स्टोल पहनाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया तथा उपयोगी जानकारी के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में डॉ. पी. नेमा, डॉ. कुसुम जैन, डॉ. कीर्ति जैन और डॉ. अशोक सर्राफ सहित अनेक चिकित्सक उपस्थित रहे। सभी ने साइबर सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से संचालित मध्यप्रदेश शासन के सेफ क्लिक 2.0 अभियान की सराहना करते हुए इसे समय की आवश्यकता बताया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

