home page

जबलपुर: ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान के तहत जीआरपी ने विद्यार्थियों और खिलाड़ियों को साइबर अपराधों से बचाव के बताए उपाय

 | 
जबलपुर: ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान के तहत जीआरपी ने विद्यार्थियों और खिलाड़ियों को साइबर अपराधों से बचाव के बताए उपाय


जबलपुर, 25 जून (हि.स.)। साइबर अपराधों की रोकथाम और लोगों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान के तहत थाना जीआरपी जबलपुर द्वारा गुरुवार को राइट टाउन स्टेडियम में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के दूसरे दिन आयोजित इस कार्यक्रम में स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों और खिलाड़ियों को साइबर अपराधों से बचने के लिए जरूरी सावधानियों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान युवाओं को साइबर फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया के जरिए होने वाले अपराध, फर्जी कॉल और ओटीपी साझा करने से होने वाले नुकसान के बारे में विस्तार से बताया गया।

जीआरपी अधिकारियों ने विद्यार्थियों और खिलाड़ियों को समझाया कि किसी भी अनजान लिंक पर बिना जांच-पड़ताल के क्लिक न करें और बैंक खाते, एटीएम कार्ड, ओटीपी, पासवर्ड या अन्य निजी जानकारी किसी भी व्यक्ति के साथ साझा न करें। उन्होंने कहा कि साइबर सुरक्षा को लेकर सतर्क रहकर कई प्रकार की ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचा जा सकता है।

अधिकारियों ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है तो तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत मिलने से बैंकिंग माध्यमों के जरिए संदिग्ध लेन-देन को रोकने और राशि वापस दिलाने की कार्रवाई की जा सकती है।

अभियान के दौरान करीब 50 विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा से संबंधित पंपलेट वितरित किए गए। साथ ही उन्हें अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में थाना प्रभारी जीआरपी जबलपुर संजीवनी राजपूत ने ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान की जानकारी साझा की। इस अवसर पर प्रधान आरक्षक मनोज मिश्रा सहित आरक्षक रविकांत, परशुराम और गोपाल मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक