home page

अनूपपुर:ज्येष्ठ अधिमास में मां नर्मदा के दर्शन-पूजन हेतु उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़

 | 
अनूपपुर:ज्येष्ठ अधिमास में मां नर्मदा के दर्शन-पूजन हेतु उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़


अनूपपुर:ज्येष्ठ अधिमास में मां नर्मदा के दर्शन-पूजन हेतु उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़


अनूपपुर, 08 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक नगरी अमरकंटक में ज्येष्ठ अधिमास के पावन अवसर पर सोमवार को मां नर्मदा के दर्शन, पूजन एवं पवित्र स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। विगत एक सप्ताह से देश के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले भक्तजन बड़ी संख्या में अमरकंटक पहुंच रहे हैं।

जहां प्रातःकाल से ही नर्मदा नदी के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं का जमावड़ा लगना शुरू हो जाता है। भक्तजन मां नर्मदा में आस्था की डुबकी लगाकर स्नान, ध्यान एवं पूजा-अर्चना कर रहे हैं। स्नान के उपरांत श्रद्धालु नर्मदा मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए लंबी कतारों में खड़े होकर मां नर्मदा का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।

अधिमास के कारण संपूर्ण अमरकंटक क्षेत्र में धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण बना हुआ है। नगर के विभिन्न आश्रमों एवं धार्मिक स्थलों पर कथा, प्रवचन एवं अनुष्ठानों का आयोजन किया जा रहा है। श्रद्धालु इन आयोजनों में भाग लेकर धर्म लाभ अर्जित कर रहे हैं।

वर्तमान में शांति कुटी आश्रम, मृत्युंजय आश्रम, गुरु नानक गुरुद्वारा, धारकुंडी आश्रम, आरंडी संगम तथा बब्बा की बाड़ी सहित अनेक स्थानों पर श्रीमद्भागवत महापुराण, शिव महापुराण एवं नर्मदा महापुराण की कथाओं का आयोजन चल रहा है। इन धार्मिक आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर कथा श्रवण कर रहे हैं तथा अधिमास के पुण्य काल का लाभ उठा रहे हैं।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार अधिमास में किए गए स्नान, दान, जप, तप एवं पूजा-अर्चना का विशेष महत्व माना जाता है। यही कारण है कि अमरकंटक में इन दिनों श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार वृद्धि देखने को मिल रही है और पूरा क्षेत्र भक्ति एवं श्रद्धा के रंग में रंगा हुआ दिखाई दे रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला