home page

उमरिया : रिहायशी इलाके में घुसा मगरमच्छ, वीडियो वायरल होते ही पहुंची वन विभाग की टीम

 | 
उमरिया : रिहायशी इलाके में घुसा मगरमच्छ, वीडियो वायरल होते ही पहुंची वन विभाग की टीम


उमरिया, 21 अगस्त (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के उमरिया जिले के मानपुर नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-1 अंतर्गत ग्राम सेमरा में गुरुवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक मगरमच्छ आबादी वाले क्षेत्र में पहुंच गया। मगरमच्छ के रिहायशी इलाके में घूमने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वन विभाग सक्रिय हुआ और तत्काल रेस्क्यू टीम को मौके पर भेजा गया।

वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान शुरू किया। टीम ने फेंसिंग जाली की सहायता से मगरमच्छ को सुरक्षित रूप से कवर किया और काफी मशक्कत के बाद उसे काबू में लिया। इसके बाद मगरमच्छ को सुरक्षित वाहन में रखकर मानपुर क्षेत्र के बल्हौड़ स्थित सोन नदी के किनारे ले जाया गया, जहां उसे उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया गया।

रेस्क्यू अभियान में वन परिक्षेत्र अधिकारी मानपुर अंकित सोनी के साथ सुनील ठाकुर, विक्रम सिकरवार, राजीव रंजन वर्मा, प्रदीप सिंह, अरुण प्रजापति, पप्पू वर्मा, ओम प्रकाश सिंह, नागेश्वर सिंह सहित वन विभाग के अन्य कर्मचारी शामिल रहे।

रेस्क्यू के दौरान सुरक्षा उपकरणों की कमी पर उठे सवाल

मगरमच्छ जैसे खतरनाक वन्यजीव को आबादी वाले क्षेत्र से सुरक्षित निकालना बेहद जोखिम भरा कार्य है। रेस्क्यू अभियान के दौरान वनकर्मियों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया, लेकिन अभियान में पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों की कमी भी नजर आई। ऐसे में वन विभाग की रेस्क्यू टीम की सुरक्षा को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है।

वनकर्मियों ने जोखिम उठाकर न केवल मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ा, बल्कि उसे उसके प्राकृतिक आवास तक पहुंचाकर छोड़ दिया। हालांकि, भविष्य में इस तरह के रेस्क्यू अभियानों के दौरान किसी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए रेस्क्यू टीम को आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने की जरूरत है। इससे वन्यजीव के साथ अभियान में शामिल कर्मचारियों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सकेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्‍द्र त्रिपाठी