home page

जबलपुरः आधारताल की कटरा बस्ती में, हिंदू परिवारों ने लगाया प्रताड़ना का आरोप

 | 
जबलपुरः आधारताल की कटरा बस्ती में, हिंदू परिवारों ने लगाया प्रताड़ना का आरोप


जबलपुर, 11 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर में आधारताल थाना क्षेत्र स्थित कटरा बस्ती में रहने वाले कुछ हिंदू परिवारों ने क्षेत्र के मुस्लिम परिवारों पर प्रताड़ना, धमकी और धार्मिक गतिविधियों में बाधा डालने के आरोप लगाए हैं। सोमवार को पीड़ित परिवारों ने बताया कि लगातार हो रहे विवाद और डर के माहौल के कारण कई परिवार क्षेत्र छोड़ चुके हैं, जबकि अन्य भी पलायन की तैयारी में हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले आठ से नौ महीनों में करीब 50 हिंदू परिवार अपने मकान बेचकर क्षेत्र छोड़ चुके हैं और अब केवल 10 से 12 परिवार ही बचे हैं। रहवासियों का आरोप है कि उन्हें लगातार परेशान कर कम कीमत पर मकान बेचने के लिए मजबूर किया जा रहा है।

पीड़ितों का कहना है कि क्षेत्र में भय का माहौल इतना बढ़ गया है कि कई परिवारों ने मंदिर जाना और घरों में भजन-कीर्तन या हनुमान चालीसा बजाना तक बंद कर दिया है। मृदुल यादव ने बताया कि सुबह भक्तिगीत बजाने पर भी आपत्ति जताई जाती थी, जिसके बाद उन्होंने यह बंद कर दिया।

संकोचना यादव ने बताया कि बकरीद के दौरान क्षेत्र में हुए पशु वध के बाद हालात और तनावपूर्ण हो गए थे। उनकी बेटी की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें कुछ समय के लिए कंचनपुर में किराए के मकान में रहना पड़ा। बाद में स्थिति सामान्य होने पर वे वापस अपने घर लौटीं।

स्थानीय निवासी संकोचना यादव, दीपक बेलाकर, सीमा लखेरा, मृदुल यादव और प्रभा देवी बेलाकर ने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्व उनके घरों के बाहर मांस के टुकड़े, हड्डियां और कचरा फेंकते हैं तथा रात में पथराव भी किया जाता है। विरोध करने पर विवाद और मारपीट की स्थिति बन जाती है। महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार और फब्तियां कसने के भी आरोप लगाए गए हैं।

रहवासियों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। उनका कहना है कि हाल ही में पुलिस टीम क्षेत्र में पहुंची थी, लेकिन उन्हें अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में पड़ोसियों के बीच विवाद की स्थिति है और दोनों पक्षों की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई है। मामले की जांच की जा रही है।

मामले को लेकर हिंदू संगठनों ने आंदोलन की चेतावनी दी है। हिंदू धर्मसेना के प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश कुमार रजक ने कहा कि यदि प्रशासन ने जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं की, तो संगठन आंदोलन करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक