home page

राजगढ़ः कुकिंग प्रतियोगिता में 23 समूहों ने दिखाई प्रतिभा

 | 
राजगढ़ः कुकिंग प्रतियोगिता में 23 समूहों ने दिखाई प्रतिभा


राजगढ़, 18 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के विकासखंड ब्यावरा में प्रधानमंत्री पोषण आहार योजना के अंतर्गत गुरुवार को कार्यरत रसोइयों की पाक-कला, स्वच्छता और भोजन की गुणवत्ता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कुकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 23 स्व-सहायता समूहों ने भाग लेकर पौष्टिक, स्वादिष्ट और आकर्षक व्यंजनों का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में तैयार किए गए व्यंजनों का मूल्यांकन भोजन की गुणवत्ता, पोषण स्तर, स्वाद, प्रस्तुतीकरण और स्वच्छता के आधार पर किया गया। निर्णायक मंडल में जेएसओ अस्मिता गुप्ता, व्याख्याता रोशनी डाबर, फूड एवं डाइटिशियन अधिकारी मनीषा वर्मा, डाइटिशियन सोना अवस्थी तथा शिक्षिका सुनीता अग्रवाल शामिल रहीं। प्रतियोगिता में मां लक्ष्मी स्व-सहायता समूह, लखनवास की गिरिजा तिवारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। तारा बाई और प्रभा देवी संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि गीता भिलाला, कौशल्या बाई और कैलाश बाई ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेताओं को नकद पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष चंदरसिंह सौंधिया, पूर्व राज्य मंत्री बद्रीलाल यादव, एसडीएम गोविंद कुमार दुबे, बीईओ दिलीप शर्मा, बीआरसीसी जीके. दुबे,जनपद अध्यक्ष राधाबाई गुर्जर, नगर पालिका अध्यक्ष लीलादेवी कुशवाह, भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री अमित शर्मा, मंडल अध्यक्ष राजू यादव, जिला उपाध्यक्ष इंदरसिंह लववंशी, पार्षद गोपाल जाटव और दिलीप भार्गव सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने रसोइयों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालयों में बच्चों को पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में रसोइयों, समूह सदस्यों और स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक