home page

सुसनेर में कुक-कम-हेल्पर प्रतियोगिता आयोजित, रसोइयों ने दिखाई पाक-कला की प्रतिभा

 | 
सुसनेर में कुक-कम-हेल्पर प्रतियोगिता आयोजित, रसोइयों ने दिखाई पाक-कला की प्रतिभा


आगरमालवा, 19 जून (हि.स.)। रसोइयों के मनोबल को बढ़ाने और विद्यालयों में परोसे जाने वाले मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) की गुणवत्ता में सुधार के उद्देश्य से शुक्रवार को मध्‍य प्रदेश के आगरमालवा जिले के सुसनेर स्थित आजीविका भवन में जनपद स्तरीय कुक-कम-हेल्पर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

प्रतियोगिता में 38 समूहों की रसोइयों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न पौष्टिक एवं स्वादिष्ट व्यंजन तैयार कर अपनी पाक-कला का प्रदर्शन किया। आयोजन का उद्देश्य रसोइयों को प्रोत्साहित करना और बच्चों को मिलने वाले भोजन में गुणवत्ता व पोषण स्तर को बढ़ावा देना रहा।

प्रतियोगिता में संदीपनी स्कूल की लक्ष्मीबाई ने प्रथम स्थान हासिल किया। उन्हें पुरस्कार स्वरूप 5 हजार रुपये की राशि प्रदान की गई। वहीं राम समूह की मीरा बाई ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि बजरंग समूह की हिना बाई तृतीय स्थान पर रहीं। दोनों को 3-3 हजार रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया।

इसके अलावा सांत्वना पुरस्कार के रूप में राजू बाई, संगीता बाई और मांगीबाई को 2-2 हजार रुपये तथा उषाबाई, भगवती बाई और सुमन बाई को 1-1 हजार रुपये की राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने रसोइयों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ विद्यालयों में बच्चों को बेहतर और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने में सहायक साबित होंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा