home page

अनूपपुर: दिव्यांग छात्रावास में विवाद, अधीक्षिका की फटकार के बाद रसोइया ने पीया कीटनाशक

 | 
अनूपपुर: दिव्यांग छात्रावास में विवाद, अधीक्षिका की फटकार के बाद रसोइया ने पीया कीटनाशक


अनूपपुर, 15 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिला मुख्यालय स्थित दिव्यांग छात्रावास में रविवार को एक विवाद के बाद रसोइया कलावती राठौर ने कीटनाशक का सेवन कर लिया। आरोप है कि छात्रावास अधीक्षिका नंदनी पटेल की फटकार और गाली-गलौज से नाराज होकर रसोइया ने यह कदम उठाया। तबीयत बिगड़ने पर अन्य कर्मचारियों ने सूचना दी, जिसके बाद जिला पंचायत उपाध्यक्ष पार्वती वाल्मिक राठौर ने उन्हें इलाज के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। कलावती राठौर का इलाज जारी है।

जिला पंचायत उपाध्यक्ष बच्चे के जन्मदिन पर छात्रावास के बच्चों को भोजन कराने की जताई थी इच्छा

आज जिला पंचायत उपाध्यक्ष पार्वती वाल्मिक राठौर के एक फोन कॉल से शुरू हुई। उन्होंने अपने बच्चे के जन्मदिन के उपलक्ष्य में दिव्यांग छात्रावास के बच्चों को भोजन कराने की इच्छा जताई और बताया कि वह भोजन का सामान लेकर आ रही हैं। इस पर रसोइया कलावती ने गैस कम होने की बात कही, जिससे खाना बनाने में गैस खत्म होने की आशंका थी। रसोइया की बात सुनकर जिला पंचायत उपाध्यक्ष ने डीपीसी (जिला परियोजना समन्वयक) से छात्रावास में गैस की कमी और बच्चों के भोजन की व्यवस्था पर चर्चा की। डीपीसी ने यह जानकारी छात्रावास अधीक्षिका नंदनी पटेल को दी।

इस बात से अधीक्षिका पटेल पर नाराज हो गईं और उन्होंने रसोईया कलावती से गाली-गलौज करते हुए कहा कि उनके आदेश के बिना ऐसे आयोजन नहीं किए जा सकते। उन्होंने रसोईया पर छात्रावास की शिकायत दूसरों से करने का भी आरोप लगाया।

रसोईया कलावती राठौर ने आरोप लगाया है कि अधीक्षिका पिछले तीन साल से छोटी-छोटी बातों पर उनके साथ गाली-गलौज और प्रताड़ना करती रही हैं।

अधीक्षक ने आरोपों को नकारा

अधीक्षिका नंदनी पटेल ने इन आरोपों का खंडन करते हुए रसोईया पर आयोजन की जानकारी न देने, वार्डन होने के नाते हर व्यवस्था की जानकारी न देने और गैस होने के बावजूद गैस कम होने की बात कहने का आरोप लगाया। साथ ही यह भी आरोप लगाया कि रसोईया अक्सर राशन चुराती है और इस संबंध में डीपीसी कार्यालय में कई बार शिकायतें की गई हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

मामले में डीपीसी से बातचीत का प्रयास किया गया तो उनके दोनों मोबाइल बंद बताए गए। फिलहाल महिला रसोईया का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।

कीटनाशक का सेवन किया

कलेक्टर हर्षल पंचोली ने मामले की जांच कर कार्रवाई की बात कही है। साथ ही महिला के इलाज पर जिला अस्पताल की टीम को निगरानी के साथ इलाज करवाए जाने के निर्देश दिए हैं। महिला ने छात्रावास से सटे घर जहां बाड़ी में सब्जी की फसल में कीटनाशक डालने के लिए दवाई रखा था। विवाद से नाराज होने पर उसी कीटनाशक दवाई का सेवन कर लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला