home page

भोपाल की कॉलोनियों में पानी सप्लाई का ठेका निजी कंपनी को देने पर विवाद, कांग्रेस ने जताई आपत्ति

 | 
भोपाल की कॉलोनियों में पानी सप्लाई का ठेका निजी कंपनी को देने पर विवाद, कांग्रेस ने जताई आपत्ति


भोपाल, 25 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में कॉलोनियों की जलापूर्ति, जलकर वसूली और पाइपलाइन के रखरखाव की जिम्मेदारी निजी कंपनी को सौंपने के नगर निगम के फैसले पर विवाद शुरू हो गया है। कांग्रेस पार्षदों ने इस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए बुधवार को नगर निगम कमिश्नर रामप्रकाश अहिरवार से मुलाकात की और पूरे मामले की जांच कराने की मांग की।

पार्षदों का आरोप है कि नगर निगम की मेयर-इन-काउंसिल (एमआईसी) ने परिषद की मंजूरी के बिना ही यह फैसला कर लिया, जबकि जलापूर्ति जैसी मूलभूत नागरिक सेवा से जुड़ा निर्णय परिषद के सामने रखा जाना चाहिए था।

नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष शबिस्ता जकी ने कहा कि परिषद से स्वीकृत नीति में बदलाव कर एमआईसी ने अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर जलापूर्ति की जिम्मेदारी निजी कंपनी को सौंप दी। उन्होंने सवाल उठाया कि सुरक्षा सेवाएं देने वाली कंपनी को पानी सप्लाई और जलकर वसूली का काम किस आधार पर दिया गया। कांग्रेस पार्षदों ने इस फैसले को अनुचित बताते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

सिक्योरिटी कंपनी को सौंपी जलापूर्ति की जिम्मेदारी

नगर निगम ने गजानंद सिक्योरिटी फोर्स प्राइवेट लिमिटेड को कॉलोनियों में जलप्रदाय, जलकर वसूली और पाइपलाइन के संचालन एवं रखरखाव की जिम्मेदारी दी है। इस संबंध में कंपनी को जारी किए गए तीन आदेश भी सामने आए हैं। इनके मुताबिक, शहर की ऐसी कॉलोनियों और संस्थानों में कंपनी जलापूर्ति व्यवस्था का संचालन कर सकेगी, जहां 101 से 250 आवास हैं और बल्क वाटर कनेक्शन उपलब्ध हैं। कंपनी को पानी की आपूर्ति के साथ जलकर वसूली और पाइपलाइन के संधारण की जिम्मेदारी भी दी गई है। इसके लिए कॉलोनियों को मकानों की संख्या के आधार पर अलग-अलग श्रेणियों में बांटा गया है। एजेंसी ने कॉलोनियों की रहवासी समितियों से संपर्क भी शुरू कर दिया है।

नगर निगम से ज्यादा वसूली का आरोप

नेता प्रतिपक्ष शबिस्ता जकी ने कहा कि नगर निगम जहां जलप्रभार के रूप में करीब 250 रुपए प्रतिमाह लेता है, वहीं निजी कंपनी की व्यवस्था में रहवासियों से 700 रुपए तक वसूले जाने की बात सामने आ रही है। इससे आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। उन्होंने इसे नगर निगम की सेवाओं के निजीकरण की दिशा में उठाया गया कदम बताया। इस दौरान कांग्रेस पार्षद योगेंद्र सिंह गुड्डू चौहान, अजीजउद्दीन, अशोक मारण और देवांशु कंसाना ने भी व्यवस्था पर आपत्ति जताई। पार्षदों का कहना है कि जलापूर्ति की जिम्मेदारी निजी एजेंसी को देने से पहले इसकी शर्तों, अधिकारों और रहवासियों पर पड़ने वाले आर्थिक प्रभाव को सार्वजनिक किया जाना चाहिए।

17 रुपए में निगम देगा पानी, 20 से 22 रुपए वसूलेगी कंपनी

प्रस्तावित व्यवस्था के अनुसार, नगर निगम निजी कंपनी को 17 रुपए प्रति हजार लीटर की दर से पानी उपलब्ध कराएगा। वहीं, कंपनी रहवासियों से 20 से 22 रुपए प्रति हजार लीटर की दर से शुल्क वसूल सकेगी। इस अंतर से मिलने वाली राशि का उपयोग पाइपलाइन लीकेज सुधारने, रखरखाव और कर्मचारियों पर खर्च करने के लिए किया जाएगा। बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के नल कनेक्शन काटने का अधिकार भी कंपनी को दिए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, यह व्यवस्था सभी कॉलोनियों पर अनिवार्य रूप से लागू नहीं होगी। जिन कॉलोनियों की रहवासी समितियां इसके लिए सहमति देंगी, वहीं इसे लागू किया जाएगा। कंपनी को मिलने वाले तीन से पांच रुपए प्रति हजार लीटर के अंतर से रखरखाव संबंधी खर्च पूरे किए जाने का प्रावधान बताया गया है।

829 कॉलोनियों में बल्क कनेक्शन

भोपाल की करीब 829 कॉलोनियों में बल्क वाटर कनेक्शन हैं। इनके जरिए नगर निगम को सालाना लगभग 35 से 40 करोड़ रुपए की आय होती है। इसके अलावा शहर में करीब 2.80 लाख व्यक्तिगत जल कनेक्शन हैं, जिनसे सालाना 44 से 45 करोड़ रुपए की आमदनी होती है। चालू वित्तीय वर्ष में जलप्रदाय से कुल 193 करोड़ रुपए की आय का अनुमान रखा गया है।

कमिश्नर ने जांच कराने की बात कही

कांग्रेस पार्षदों ने कमिश्नर रामप्रकाश अहिरवार के सामने अपनी आपत्तियां रखीं। इस पर कमिश्नर ने जलकार्य के अधीक्षण यंत्री उदित गर्ग को बुलाकर व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। कमिश्नर ने कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी मिली है और इसकी जांच कराई जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि रहवासी चाहेंगे, तभी संबंधित कॉलोनियों में यह व्यवस्था लागू की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे