कार्यकर्ताओं से संपर्क व संवाद से सरकार की योजनाओं को और बेहतर करने में मिलेगी मदद: राजेन्द्र शुक्ल
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं से संवाद के बाद मीडिया से की चर्चा
भोपाल, 8 दिसंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश शासन के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश भर से आए पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद कर उनकी जन समस्याओं का समाधान किया। जिन जनसमस्याओं का त्वरित समाधान नहीं हो सका, उन्हें संबंधित विभागों को भेजा गया है।
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं से संपर्क व संवाद से भाजपा सरकार की योजनाओं को और बेहतर करने में मदद मिलेगी। पार्टी संगठन ने कार्यकर्ताओं को सरकार और मंत्रियों से संवाद के लिए नवाचार के जरिए बेहतर माध्यम उपलब्ध कराया है। कुपोषण और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर से बेहतर बनाने के लिए हमारी सरकार प्रतिबद्ध है। आरोप लगाना कांग्रेस की पुरानी आदत है। मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार राष्ट्रीय शिक्षा नीति जैसे सुधारों को ज़मीन पर उतार रही है। चरण-वंदना और पुरानी राजनीति में उलझी कांग्रेस को शिक्षा पर नया सोचने के बजाय केवल राजनीति कर रही है। इसी नकारात्मक राजनीति की वजह से मध्यप्रदेश की जनता कांग्रेस को पूरी तरह से नकार चुका है। मध्यप्रदेश सरकार की राष्ट्रीय शिक्षा नीति पर आयोजित कार्यशाला सकारात्मक प्रयास है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा किए जा रहे विकास और जनकल्याणकारी कार्यों को कांग्रेस नेता पचा नहीं पा रहे हैं, इसलिए अनर्गल आरोप लगाते हैं।
कार्यकर्ताओं के लिए पार्टी कार्यालय मंदिर के समान
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल के सार्थक प्रयासों से तय किया गया है कि मध्यप्रदेश शासन के मंत्री प्रतिदिन दो घंटे प्रदेश कार्यालय में बैठकर प्रदेश भर से आने वाले कार्यकर्ताओं, वरिष्ठजनों से संपर्क व संवाद करेंगे। इस संवाद से मध्यप्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं का फीडबैक भी मिल रहा है। इस व्यवस्था से पार्टी के कार्यकर्ताओं को सरकार और सरकार के मंत्रियों से मिलने और जनसमस्याओं को बताने के लिए अब भटकने की आवश्यकता नहीं है। कार्यकर्ताओं के लिए पार्टी कार्यालय मंदिर के समान होता है। कार्यकर्ताओं से संपर्क, संवाद व समन्वय से मध्यप्रदेश को और बेहतर राज्य बनाने के भाजपा सरकार के मिशन को और गति मिलेगी।
कांग्रेस पर साधा निशाना
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार प्रदेश में शिक्षा एवं कुपोषण सहित प्रत्येक क्षेत्र में स्थितियों को बेहतर से और बेहतर करने में कोई कसर छोड़ नहीं रही है। इस दाैरान कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्हाेंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी का काम केवल आरोप लगाना है। आरोप लगाना कांग्रेस की पुरानी आदत है, लेकिन यह कांग्र्रेस के नेता भी यह जानते हैं कि मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार ने मातृ मृत्यु दर प्रति एक हजार 175 को 142 पर और शिशु मृत्यु दर को 50 से 37 पर लेकर आए हैं। लेकिन वह हकीकत स्वीकार नहीं करना चाहते और अनर्गल आरोप लगाते रहते हैं। केंद्र सरकार भी यह स्वीकार करती है कि मध्यप्रदेश में स्वास्थ्य व शिक्षा की स्थिति तेजी से सुधरी हैं। कुपोषण को पूरी तरह से समाप्त करने के लिए प्रधानमंत्री खाद्यान योजना जैसी अनेकों योजनायें चल रहीं हैं और स्थितियां पहले से बहुत बेहतर हो रहीं हैं। प्रदेश सरकार हर समस्या के समाधान के लिए पूरी निष्ठा से अपनी भूमिका निभा रही हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

