home page

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर उठाए सवाल, संगठन विस्तार और जनसंघर्ष को लेकर जताया संकल्प

 | 
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर उठाए सवाल, संगठन विस्तार और जनसंघर्ष को लेकर जताया संकल्प


भाेपाल, 02 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मंगलवार को नीमच में आयोजित पत्रकार वार्ता में केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए आर्थिक असमानता, रोजगार, प्रेस स्वतंत्रता और किसानों से जुड़े मुद्दों को उठाया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर संघर्ष जारी रखेगी और वर्ष 2028 में मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाने के लिए पूरी ताकत से काम करेगी।

पत्रकार वार्ता की शुरुआत में पटवारी ने मीडिया जगत के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि नीमच, मंदसौर और कांग्रेस का संबंध ऐतिहासिक एवं वैचारिक रहा है। उन्होंने पत्रकारों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और समाज को सही दिशा देने में उसकी बड़ी जिम्मेदारी है।

पटवारी ने बताया कि प्रदेशभर में कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से मंडल एवं ब्लॉक अध्यक्षों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य संगठन को घर-घर तक पहुंचाना और कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से मजबूत बनाना है, ताकि वे जनता के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठा सकें।

आर्थिक स्थिति और रोजगार को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने वर्ष 2014 में किए गए विभिन्न चुनावी वादों का उल्लेख करते हुए कहा कि रोजगार, आर्थिक विकास और आम लोगों की आय बढ़ाने के मुद्दों पर सरकार को जवाब देना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि देश में आर्थिक असमानता लगातार बढ़ रही है और बड़ी आबादी आज भी मूलभूत जरूरतों के लिए संघर्ष कर रही है। उन्होंने प्रेस स्वतंत्रता से जुड़े अंतरराष्ट्रीय सूचकांकों, आर्थिक रिपोर्टों और संपत्ति वितरण के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि देश में आर्थिक संसाधनों का केंद्रीकरण बढ़ा है, जबकि आम नागरिकों को महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।

मध्य प्रदेश सरकार पर भी साधा निशाना

जीतू पटवारी ने प्रदेश सरकार की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए और कहा कि कांग्रेस विपक्ष की भूमिका जिम्मेदारी और मजबूती के साथ निभाती रहेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी किसानों, युवाओं, महिलाओं और समाज के कमजोर वर्गों से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाएगी। उन्होंने कहा, हम प्रदेश के गरीबों, किसानों, बेरोजगार युवाओं और महिलाओं की आवाज बनकर संघर्ष जारी रखेंगे। जनता से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस पीछे हटने वाली नहीं है।

2028 के लिए कांग्रेस का संकल्प

अपने संबोधन के अंत में पटवारी ने वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच अपनी बात पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी चुनाव में प्रदेश की जनता बदलाव का समर्थन करेगी। उन्होंने कहा, हम न डरेंगे, न झुकेंगे। कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष करते रहेंगे। हमें विश्वास है कि वर्ष 2028 में मध्य प्रदेश में जनता के समर्थन से कांग्रेस की सरकार बनेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे