सागर: सेवादल के 'ध्वज वंदन' में सरकार पर तीखा प्रहार, डॉ. सबलोक बोले- 'बेटी बचाओ' अब 'आरोपी बचाओ' में बदला
सागर, 29 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर में कांग्रेस सेवादल द्वारा रविवार को आयोजित 81वें मासिक ‘ध्वज वंदन’ कार्यक्रम में राजनीतिक सरगर्मियां तेज नजर आईं। सिविल लाइंस चौराहे के समीप आयोजित इस गरिमामय समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता डॉ. संदीप सबलोक ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल खड़े करते हुए उन्हें हर मोर्चे पर विफल बताया।
अपने संबोधन में डॉ. सबलोक ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि और घरेलू आर्थिक स्थिति के बीच के विरोधाभास को रेखांकित किया। उन्होंने कहा, भाजपा सरकार एक तरफ 'विश्व गुरु' बनने का ढिंढोरा पीट रही है, तो दूसरी तरफ उसकी कूटनीतिक विफलता के कारण देश की जनता पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की भारी किल्लत और बेतहाशा महंगाई झेलने को मजबूर है। उन्होंने आरोप लगाया कि कच्चे तेल और गैस के अंतरराष्ट्रीय प्रबंधन में सरकार की नाकामी का सीधा बोझ आम आदमी की जेब पर पड़ रहा है।
डॉ. सबलोक ने भाजपा नेताओं के ‘चारित्रिक पतन’ पर कटाक्ष करते हुए गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सत्ता के अहंकार में डूबे नेता अब न महिलाओं का सम्मान कर रहे हैं और न ही समाज के अन्य वर्गों के अधिकारों की रक्षा कर पा रहे हैं। मणिपुर की हृदयविदारक घटनाओं से लेकर महिला पहलवानों के शोषण तक, हर जगह सरकार का रवैया निराशाजनक रहा है। आज 'बेटी बचाओ' का नारा धरातल पर 'आरोपी बचाओ' अभियान में तब्दील हो गया है।
उन्होंने सेवादल कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे 'सेवा, त्याग और अनुशासन' के मूल मंत्र को अपनाकर समाज को इस अनैतिक सत्ता के खिलाफ लामबंद करें। कार्यक्रम के दौरान डॉ. सबलोक ने सेवादल अध्यक्ष और आयोजक सिंटू कटारे की सराहना की, जो पिछले 7 वर्षों से निरंतर 'ध्वज वंदन' और समाज सेवा के संकल्प को जीवित रखे हुए हैं। कार्यक्रम का सफल संचालन द्वारका चौधरी द्वारा किया गया।
समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. स्वरूप चंद सिंघई के परिजन मुकेश सिंघई का सम्मान हुआ। स्व. खिदमत राय के परिजन नरेश खत्री को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता पं. भोलेश्वर प्रसाद तिवारी की पुत्रवधु श्रीमती रजनी तिवारी और पूर्व मंत्री प्रकाश चंद जैन की माताजी शांति बाई जैन के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

