आगरमालवाः किसानों के समर्थन में कांग्रेस ने निकाली रैली, ज्ञापन सौंपा
आगरमालवा, 09 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आगरमालवा में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा गुरूवार को किसानों के समर्थन में एक रैली निकालकर राज्यपाल के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया।
कांग्रेस कमेटी की जिला अध्यक्ष विजयलक्ष्मी तवंर के नेतृत्व में छावनी स्थित गांधी उपवन में कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में एकत्रित हुए तथा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए रैली निकालते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर महामहिम राज्यपाल के नाम अपर कलेक्टर आर.पी वर्मा को एक ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से कहा गया कि शासन द्वारा समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी एक माह देरी से शुरू की गई, जिसके चलते अधिकांश किसानों को अपनी उपज कम दामों में मंडियों में बेचनी पड़ी और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। कांग्रेस ने मांग की कि ऐसे वंचित किसानों को कृषि ऋण पर ब्याज में छूट दी जाए तथा 500 से 700 रुपये प्रति क्विंटल के अंतर को भावांतर योजना के तहत भुगतान किया जाए।
जिला अध्यक्ष तंवर ने कहा कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पूर्व में हुई ओलावृष्टि से सोयाबीन की फसलें बर्बाद हुई थीं, लेकिन आज तक किसानों को न तो मुआवजा राशि मिली है और न ही बीमा क्लेम का भुगतान किया गया है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि किसानों को शीघ्र उचित मुआवजा एवं बीमा राशि प्रदान की जाए। वहीं समर्थन मूल्य पर संचालित गेहूं खरीदी केंद्रों पर किसानों के लिए समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, जिससे भीषण गर्मी के दौरान उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा

