home page

(अपडेट) राजगढ़ः निर्माणाधीन कुआं धंसने से कांग्रेस नेता की मां और पत्नी की मौत, 6 घंटे चला रेस्क्यू

 | 
(अपडेट) राजगढ़ः निर्माणाधीन कुआं धंसने से कांग्रेस नेता की मां और पत्नी की मौत, 6 घंटे चला रेस्क्यू


राजगढ़, 17 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के खिलचीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बामनगांव में बुधवार को खेत में निर्माणाधीन कुएं के अचानक धंस जाने से कांग्रेस मंडलम अध्यक्ष मुकेश कोट की मां और पत्नी की मौत हो गई। करीब 6 घंटे चले रेस्क्यू के दौरान दोनों के शव बरामद हुए।

जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर बामनगांव के एक खेत में निर्माणाधीन कुएं के अचानक धंस जाने से कांग्रेस मंडलम अध्यक्ष मुकेश कोट की मां रूपाबाई (60) और पत्नी पिंकीबाई (30) करीब 25 फीट गहरे कुएं में मिट्टी के मलबे के साथ समा गईं। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। तीन जेसीबी और एक पोकलेन मशीन की मदद से युद्धस्तर पर रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। करीब पांच से छह घंटे तक लगातार चले बचाव कार्य के बाद पहले रूपाबाई और कुछ देर बाद पिंकीबाई के शव मलबे से निकाले गए। दोनों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम छा गया।

जानकारी के अनुसार मुकेश कोट अपने खेत में पुराने कुएं का पुनर्निर्माण करा रहे थे। कुएं की खुदाई के बाद उसकी आरसीसी बाउंड्री बनाई गई थी और निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका था। आरसीसी को मजबूत करने के लिए आसपास की मिट्टी को गीला किया गया था। बुधवार को रूपाबाई और पिंकीबाई निर्माणाधीन कुएं के पास बिखरी गिट्टी को व्यवस्थित कर रही थीं। इसी दौरान कुएं के आसपास की मिट्टी अचानक धंस गई और दोनों महिलाएं मिट्टी के साथ कुएं में जा गिरीं। कुछ ही पलों में ऊपर से भारी मात्रा में मिट्टी गिरने से कुआं लगभग पूरी तरह भर गया। जिला पंचायत सीईओ डॉ. इच्छित गढ़पाले, एसडीएम अंकिता जैन सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। सुरक्षा के मद्देनजर क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक