home page

मंदसौरः नगर पालिका में कांग्रेसजन ने फोड़े मटके, सौंपा ज्ञापन

 | 
मंदसौरः नगर पालिका में कांग्रेसजन ने फोड़े मटके, सौंपा ज्ञापन


मंदसौर, 23 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर शहर में गहराते पेयजल संकट, अव्यवस्थित जल प्रदाय व्यवस्था,निर्माण कार्यों में कथित अनियमितताओं तथा सफाई व्यवस्था की बदहाली को लेकर नगर पालिका परिषद में नेता प्रतिपक्ष रफत पयामी व सभी कांग्रेस के पार्षगण के नेतृत्व मे जिला कांग्रेस कार्यालय से प्रदर्शन करते हुए मंगलवार को नगर पालिका परिषद पहुंचकर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर मुख्य नगरपालिका अधिकारी के ज्ञापन लेने नहीं पहुंचने पर ज्ञापन की प्रति नगर पालिका के गेट पर ही चस्पा कर नगर पालिका के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया गया।

नगर पालिका में नेता प्रतिपक्ष रफत पयामी ने ज्ञापन में बताया गया कि करोड़ों रुपये की लागत से संचालित पेयजल योजना के बावजूद शहरवासियों को पर्याप्त एवं नियमित पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। वर्तमान में एक दिन छोड़कर जल प्रदाय किया जा रहा है, लेकिन कई क्षेत्रों में पर्याप्त प्रेशर नहीं होने के कारण लोगों को पानी नहीं मिल रहा है। जर्जर पाइपलाइन,विद्युत बाधा और तकनीकी खामियों के कारण जल आपूर्ति लगातार प्रभावित हो रही है।

कांग्रेस नेताओं ने खानपुरा, पुराना किला क्षेत्र, गुदरी,शेखा चौक, कुम्हारवाड़ा, बोहरा बावड़ी, शुक्ला चौक, जनकूपुरा, नीलगर चौक, इंदिरा कॉलोनी, सीतामऊ फाटक, टोडी एवं बंजारा बस्ती सहित अनेक क्षेत्रों में व्याप्त जल संकट का उल्लेख करते हुए कहा कि कई संकरी गलियों में पानी के टैंकर भी नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिससे नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में शहर में निमार्णाधीन एवं हाल ही में निर्मित सीसी सड़कों की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए गए। वही ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि नगर के शहर क्षेत्र में नई टंकी का निर्माण किया जाए, अभी वर्तमान में शहर में जल प्रदाय व्यवस्था में समय की जो कटौती की गई है उसको खानपुरा और शहर क्षेत्र की सकरी गलियों वाले एरिया में लागू नहीं किया जाए, शहर की पुरानी हो चुकी 50 साल पुरानी पाइप लाइनों को बदल जाए ।

इस अवसर पर विधायक विपिन जैन ने प्रदर्शन में पहुंचे आमजन को संबोधित करते हुए कहा कि मंदसौर की जनता आज बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है । करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है। कई क्षेत्रों में महिलाएं और बुजुर्ग पानी के लिए परेशान हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया