home page

महंगाई के खिलाफ प्रदेशभर में कांग्रेस का अनोखा विरोध-प्रदर्शन, कहीं शक्कर बांटी, कहीं चूल्हे पर रोटियां बनाईं

 | 
महंगाई के खिलाफ प्रदेशभर में कांग्रेस का अनोखा विरोध-प्रदर्शन, कहीं शक्कर बांटी, कहीं चूल्हे पर रोटियां बनाईं


महंगाई के खिलाफ प्रदेशभर में कांग्रेस का अनोखा विरोध-प्रदर्शन, कहीं शक्कर बांटी, कहीं चूल्हे पर रोटियां बनाईं


महंगाई के खिलाफ प्रदेशभर में कांग्रेस का अनोखा विरोध-प्रदर्शन, कहीं शक्कर बांटी, कहीं चूल्हे पर रोटियां बनाईं


महंगाई के खिलाफ प्रदेशभर में कांग्रेस का अनोखा विरोध-प्रदर्शन, कहीं शक्कर बांटी, कहीं चूल्हे पर रोटियां बनाईं


महंगाई के खिलाफ प्रदेशभर में कांग्रेस का अनोखा विरोध-प्रदर्शन, कहीं शक्कर बांटी, कहीं चूल्हे पर रोटियां बनाईं


महंगाई के खिलाफ प्रदेशभर में कांग्रेस का अनोखा विरोध-प्रदर्शन, कहीं शक्कर बांटी, कहीं चूल्हे पर रोटियां बनाईं


भाेपाल, 27 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश में बढ़ती महंगाई के मुद्दे पर कांग्रेस ने गुरुवार को प्रदेशभर में ब्लॉक और जिला स्तर पर प्रदर्शन किया। इंदौर, भोपाल, ग्वालियर, खरगोन, मंदसौर, रतलाम, मैहर, सागर, दमोह, अनूपपुर, सेंधवा, इटारसी और अकोदिया समेत कई शहरों-कस्बों में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे। प्रदर्शन के दौरान शक्कर, पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस, बिजली के बिल, खाद्य तेल और रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों को लेकर केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। कई जगह कांग्रेस ने महंगाई के विरोध में प्रतीकात्मक और अनोखे तरीके अपनाए।

इंदौर में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर शहर के 22 ब्लॉकों में प्रदर्शन आयोजित किए गए। राजवाड़ा पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शक्कर बांटकर बढ़ती कीमतों पर विरोध जताया। यहां प्रतीकात्मक रूप से लोगों को ‘लोन पर शक्कर’ भी दी गई। पार्टी ने त्योहारों से पहले शक्कर के दाम बढ़ने को लेकर सरकार पर निशाना साधा। विभिन्न स्थानों पर पेट्रोल, घरेलू गैस, बिजली दरों और पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण के मुद्दे भी उठाए गए।

चूल्हे पर रोटियां सेंकी, शुगर-फ्री चाय बांटी

इंदौर के हरसिद्धि मंदिर रोड सहित कुछ स्थानों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चूल्हा जलाकर रोटियां बनाईं और लोगों को खिलाईं। वहीं महंगाई पर तंज कसते हुए शुगर-फ्री चाय बांटी गई। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि महंगाई का असर सीधे रसोई के बजट पर पड़ रहा है। मंगल नगर-सुखलिया क्षेत्र में कार्यकर्ताओं ने बाइक की प्रतीकात्मक शवयात्रा निकालकर पेट्रोल की कीमतों को लेकर विरोध जताया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने शक्कर की कीमतों को लेकर सरकार पर तंज कसते हुए पोस्टर और नारे लगाए। ‘महंगाई मुक्त भारत’ तथा शक्कर-पेट्रोल की कीमतों से जुड़े नारे प्रदर्शन का हिस्सा रहे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि त्योहारों के मौसम में खाद्य वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि से परिवारों का बजट प्रभावित हो रहा है।

भोपाल में प्याज की माला, पीएम के मुखौटे लेकर प्रदर्शन

भोपाल के कोलार क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गले में प्याज की माला पहनकर महंगाई के खिलाफ विरोध जताया और राहगीरों को शक्कर खिलाई। संत हिरदाराम नगर में कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुखौटे लेकर नारेबाजी की। एक कार्यकर्ता ने गाउन पहनकर भी विरोध दर्ज कराया, जिस पर सरकार की नीतियों पर कटाक्ष करते हुए नारे लिखे थे।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्याज, खाद्य सामग्री, रसोई गैस और अन्य जरूरी वस्तुओं की कीमतों का असर सीधे आम परिवारों पर पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से कीमतों पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।

खरगोन में विधायक ने बिना चीनी की चाय बनाई

खरगोन में जिला कांग्रेस ने राधावल्लभ मार्केट से एसडीएम कार्यालय तक हल्ला बोल रैली निकाली। रैली गुरुनानक चौराहा, एमजी रोड और श्रीकृष्ण टॉकीज चौराहा होते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंची। प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष रवि नाईक, भगवानपुरा विधायक केदार डाबर, भीकनगांव विधायक झूमा सोलंकी और पूर्व विधायक रवि जोशी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

विधायक झूमा सोलंकी ने प्रदर्शन स्थल पर चूल्हे पर बिना चीनी की चाय बनाकर शक्कर की बढ़ती कीमतों पर प्रतीकात्मक विरोध जताया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शक्कर, खाद्य तेल, पेट्रोल, गैस सिलेंडर और बिजली बिलों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। बाद में राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

मैहर में प्याज की माला और खाली सिलेंडर लेकर पैदल मार्च

मैहर में जिला कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेश घई के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने घंटाघर चौक से एसडीएम कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला। प्रदर्शनकारी गले में प्याज की माला, हाथ में चाय की केतली और खाली गैस सिलेंडर लेकर पहुंचे। एसडीएम के कार्यालय में मौजूद नहीं होने पर कार्यकर्ता कुछ देर धरने पर बैठ गए। बाद में एसडीएम दिव्या पटेल के पहुंचने पर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में पेट्रोल-डीजल, घरेलू गैस और खाद्य वस्तुओं की कीमतों पर नियंत्रण की मांग की गई।

मंदसौर में शक्कर बांटी, ज्ञापन को लेकर हुआ विवाद

मंदसौर में कांग्रेस ने गांधी चौराहा स्थित जिला कार्यालय से पैदल मार्च शुरू किया। कार्यकर्ता जिला अस्पताल और अन्य प्रमुख मार्गों से होते हुए सरदार पटेल चौराहे पहुंचे। यहां राहगीरों को शक्कर बांटी गई और महंगाई के खिलाफ नारेबाजी की गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘खा गए शक्कर, पी गए तेल’ और ‘जो सरकार निकम्मी है, वह सरकार बदलनी है’ जैसे नारे लगाए। विधायक विपिन जैन ने कहा कि महंगाई के कारण आम आदमी, मजदूर और मध्यम वर्ग के परिवारों का घरेलू बजट प्रभावित हो रहा है।

राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपने के लिए तहसीलदार के तय समय पर नहीं पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा के चरणों में रख दिया। बाद में तहसीलदार के पहुंचने पर उन्हें इसकी जानकारी दी गई।

रतलाम में शक्कर बांटकर निकाली रैली

रतलाम के सैलाना में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर रैली निकाली। प्रदर्शन के दौरान ‘महंगाई डायन खाए जात है’ गीत के जरिए महंगाई पर विरोध जताया गया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष हर्ष विजय गहलोत सहित नेताओं ने राहगीरों को शक्कर बांटी। रैली तहसील कार्यालय पहुंची, जहां राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

ग्वालियर की चारों विधानसभा क्षेत्रों में प्रदर्शन

ग्वालियर में कांग्रेस ने मुरार सहित शहर की पूर्व, पश्चिम, उत्तर और दक्षिण विधानसभा क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने महंगाई को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर नियंत्रण की मांग की। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे।

सागर में बाजारों और पेट्रोल पंपों पर जनसंवाद

सागर में कांग्रेस ने ‘जनता की आवाज’ अभियान के तहत शहर के तीनों ब्लॉकों में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने चाय की दुकानों, होटल, किराना दुकानों, पेट्रोल पंप और राहगीरों से बातचीत कर महंगाई के असर को लेकर जनसंवाद किया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि महंगी खाद्य सामग्री और ईंधन के कारण आम लोगों के साथ छोटे कारोबारियों पर भी आर्थिक दबाव बढ़ा है।

दमोह के तेंदूखेड़ा में ठेले पर सिलेंडर रखकर जुलूस

तेंदूखेड़ा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथ ठेले पर गैस सिलेंडर रखकर और गले में शक्कर के पैकेट व पेट्रोल की बोतलों के प्रतीक लेकर जुलूस निकाला। बस स्टैंड से तारादेही चौराहे तक निकले जुलूस में पेट्रोल-डीजल, गैस, शक्कर, प्याज और बस किराए को लेकर सरकार के खिलाफ नारे लगाए गए।

अनूपपुर में गैस, बिजली और खाद्य वस्तुओं के दामों का मुद्दा

अनूपपुर जिले के बिजुरी में ब्लॉक कांग्रेस ने हनुमान मंदिर चौक पर धरना दिया। कार्यकर्ताओं ने रसोई गैस, शक्कर, प्याज, खाद्य तेल और बिजली बिलों को लेकर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। कांग्रेस नेताओं ने महंगाई पर तत्काल राहत देने की मांग की।

इटारसी में राखी विक्रेताओं को बांटा फीका हलवा

इटारसी के जयस्तंभ चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई के विरोध में प्रदर्शन किया। राखी विक्रेताओं को फीका हलवा बांटकर त्योहारों के दौरान बढ़ती कीमतों पर प्रतीकात्मक विरोध जताया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महंगाई का असर आम परिवारों के साथ त्योहारों से जुड़े छोटे कारोबारियों पर भी पड़ रहा है।

अकोदिया में महंगाई की प्रतीकात्मक शवयात्रा

शाजापुर जिले के अकोदिया में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महंगाई की प्रतीकात्मक शवयात्रा निकाली। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए खाद्य सामग्री और रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि का विरोध किया। कांग्रेस ने सरकार से आम लोगों को राहत देने की मांग की।

कांग्रेस ने कहा- रसोई से लेकर सफर तक बढ़ा आर्थिक बोझ

प्रदेशभर में हुए प्रदर्शनों के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि शक्कर, खाद्य तेल, रसोई गैस, बिजली और पेट्रोल-डीजल की कीमतों का असर परिवारों के मासिक बजट पर पड़ रहा है। पार्टी ने सरकार से आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर नियंत्रण, ईंधन और बिजली के खर्च में राहत तथा आम उपभोक्ताओं के हित में तत्काल कदम उठाने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी महंगाई के मुद्दे को स्थानीय स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक उठाती रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे