home page

राजगढ़ः ब्यावरा में कांग्रेस का छात्रों की गूंज कार्यक्रम, पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

 | 
राजगढ़ः ब्यावरा में कांग्रेस का छात्रों की गूंज कार्यक्रम, पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल


राजगढ़,7 जुलाई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा शहर की अग्रवाल धर्मशाला में मंगलवार को कांग्रेस पार्टी ने छात्रों की गूंज कार्यक्रम आयोजित कर छात्रों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। कार्यक्रम को कोटा में राहुल दांगी द्वारा आयोजित संवाद की तर्ज पर आयोजित किया गया, जिसमें शिक्षा व्यवस्था, नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और छात्रों के भविष्य से जुड़े विषय प्रमुख रहे।

कार्यक्रम में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से नीट व अन्य परीक्षाओं में पेपर लीक के मामलों से छात्रों पर पड़ने वाले प्रभाव को प्रदर्शित किया गया। साथ ही राहुल गांधी के कोटा कार्यक्रम के भाषण और छात्रों से संवाद का वीडियो भी दिखाया गया। इस दौरान सच्चाई का मंच के माध्यम से छात्रों ने अपनी समस्याएं और सवाल रखे। पायल यादव, आरती चौहान, सक्षम शिवहरे, ललित भिलाला और जयवर्धन सिंह नरूका सहित कई विद्यार्थियों ने पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रियव्रत सिंह से शिक्षा व्यवस्था, रोजगार और परीक्षा प्रणाली से जुड़े प्रश्न पूछे। प्रियव्रत सिंह ने छात्रों के सवालों के जवाब देते हुए उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम को एआईसीसी के राष्ट्रीय सचिव कुणाल चैधरी और जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रियव्रत सिंह ने संबोधित करते हुए कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से विचार किए जाने की जरूरत है और प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता सुनिश्चित होना चाहिए।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष चंदरसिंह सोंधिया, पूर्व विधायक रामचंद्र दांगी, बापूसिंह तंवर, पूर्व नपाध्यक्ष डॉ. भारत वर्मा, विधानसभा प्रभारी चंदरसिंह गुर्जर, युवक कांग्रेस जिला अध्यक्ष अमन अरोरा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल दांगी,जिला कांग्रेस महामंत्री हेमेन्द्र चैहान,ज्ञानू विजयवर्गीय,रचना भार्गव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, छात्र और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक