home page

राजगढ़ःकिसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस का मक्सी टोल पर 7 मई को चक्काजाम

 | 
राजगढ़ःकिसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस का मक्सी टोल पर 7 मई को चक्काजाम


राजगढ़, 6 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में किसानों की समस्याओं को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस ने 7 मई को मक्सी टोल नाका पर बड़े प्रदर्शन और चक्काजाम की घोषणा की है। यह घोषणा बुधवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रियव्रत सिंह ने की।

उन्होंने बताया कि यह आंदोलन मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आव्हान पर किसानों की समस्याओं और खरीदी केंद्रों की अव्यवस्थाओं के विरोध में आयोजित किया जा रहा है। प्रेसवार्ता में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि इस वर्ष खरीदी केंद्र मनमाने ढंग से तय किए गए हैं, जिससे किसानों को 40-50 किलोमीटर दूर तक जाकर गेहूं बेचना पड़ रहा है। पहले सोसायटी स्तर पर खरीदी होने से किसानों को स्थानीय सुविधा मिलती थी, लेकिन कई स्थानों पर स्थानीय सोसायटियों को हटाकर अन्य सोसायटियों को जिम्मेदारी सौंप दी गई है।

कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि सत्तापक्ष से जुड़े लोगों के वेयरहाउस को उपार्जन केंद्र बनाया गया है, जिससे किसानों को असुविधा के साथ भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी को बढ़ावा मिला है। नेताओं ने बताया कि अव्यवस्थाओं के कारण ट्रैक्टरों की लंबी कतारें लग रही हैं और किसान तीन-तीन दिन तक तुलाई एवं भुगतान का इंतजार कर रहे हैं। टोकन सिस्टम पूरी तरह विफल साबित हुआ है,जिससे भुगतान में देरी और किसानों पर आर्थिक दबाव बढ़ा है।

कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि मक्सी टोल नाका पर होने वाला यह प्रदर्शन किसानों के अधिकारों और सम्मान की लड़ाई है। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और भी तेज किया जाएगा। 12 मई के बाद ग्राम पंचायत और मंडल स्तर तक अभियान चलाकर सरकार के वादों का पर्दाफाश करने तथा किसानों की आवाज गांव-गांव तक पहुंचाने की योजना भी बताई गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक