राजगढ़ः महंगाई को लेकर कांग्रेस ने राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
राजगढ़, 3 अप्रैल(हि.स.)। सारंगपुर में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ता एसडीएम कार्यालय पहुंचे और नायब तहसीलदार को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने ज्ञापन में कहा कि मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण आम लोगों का घरेलू बजट बिगड़ रहा है और आर्थिक स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के चलते पूरे देश में महंगाई तेजी से बढ़ी है। बिजली, पेट्रोल-डीजल, राशन और दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ने से आम मध्यमवर्गीय और गरीब परिवार गंभीर आर्थिक दबाव में हैं।
कांग्रेस का दावा है कि वर्तमान सरकार की योजनाएं आमजन को राहत देने में विफल रही हैं। ब्लॉक अध्यक्ष दुर्गेश सोमानी ने कहा कि यह समस्या केवल सारंगपुर या मध्यप्रदेश तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे देश में बढ़ती महंगाई लोगों के जीवन को प्रभावित कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की उदासीनता के कारण स्थिति सुधारने के प्रयास न के बराबर हैं। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेसजनों ने गेहूं खरीदी में देरी, गैस की किल्लत, अघोषित बिजली कटौती और मुख्यमंत्री कन्या विवाह सम्मेलन में अनियमितताओं जैसे मुद्दे भी उठाए। इस मौके पर पूर्व विधायक कृष्णमोहन मालवीय, जिला महामंत्री प्रदीप सादानी,नगर अध्यक्ष आबिद लोदी,पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष मोहन पाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

