home page

जबलपुर में बदहाल सड़कों को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, सड़क पर झाड़ू लगाकर जताया विरोध

 | 
जबलपुर में बदहाल सड़कों को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, सड़क पर झाड़ू लगाकर जताया विरोध


जबलपुर, 03 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर की बदहाल सड़कों और बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को नगर निगम की कार्यप्रणाली के विरोध में प्रदर्शन करते हुए डॉ. भीमराव अंबेडकर चौराहे से घमापुर और रद्दी चौकी मार्ग तक पैदल मार्च निकाला।

प्रदर्शन का नेतृत्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ शर्मा और नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा ने किया।

इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क पर झाड़ू लगाई और धूल जमा कर नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने शहर की सड़कों की खराब स्थिति को लेकर निगम प्रशासन पर सवाल उठाए।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि शहर में कई ऐसी सड़कें हैं, जिनका निर्माण महज एक साल पहले हुआ था, लेकिन पहली ही बारिश में सड़कें उखड़कर गड्ढों में तब्दील हो गईं।

नेताओं का कहना है कि जिन सड़कों की तीन-तीन साल की गारंटी दी गई थी, उनकी यह स्थिति निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

कांग्रेस ने सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी के भी आरोप लगाए। नेताओं ने कहा कि शहर में होर्डिंग्स और पोस्टरों के जरिए विकास के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, जबकि जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है।

कांग्रेस पार्षद दल ने आरोप लगाया कि जनता से टैक्स के रूप में जुटाया गया पैसा खराब निर्माण कार्यों के कारण बर्बाद हो रहा है। नेताओं ने कहा कि नगर निगम में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी के खिलाफ कांग्रेस का आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि जब तक खराब निर्माण के लिए जिम्मेदार ठेकेदारों और अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक पार्टी सदन से लेकर सड़क तक संघर्ष करती रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक