home page

अनूपपुर: 21 दिवसीय कलश वंदन यात्रा के साथ 21 दिवसीय समरसता संकल्प अभियान का समापन

 | 
अनूपपुर: 21 दिवसीय कलश वंदन यात्रा के साथ 21 दिवसीय समरसता संकल्प अभियान का समापन


अनूपपुर: 21 दिवसीय कलश वंदन यात्रा के साथ 21 दिवसीय समरसता संकल्प अभियान का समापन


अनूपपुर, 10 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित 21 दिवसीय समरसता संकल्प अभियान एवं कलश वंदन यात्रा का गुरुवार को अमरकंटक में समापन हो गया। इस अवसर पर स्थानीय पीएमश्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अमरकंटक के प्रांगण से विशाल कलश वंदन यात्रा निकाली गई। पारंपरिक वाद्य यंत्रों की मंगल ध्वनि के साथ निकली यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए विभिन्न पड़ावों पर पहुंची।

यात्रा के दौरान स्थानीय सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में छात्र-छात्राओं एवं आचार्य गणों द्वारा कलश वंदन यात्रा तथा संत रविदास महाराज के छायाचित्र का पारंपरिक विधि-विधान से स्वागत किया गया। यहां श्रद्धाभाव के साथ पूजन-अर्चन कर यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं एवं सहभागियों का अभिनंदन किया गया। इसके पश्चात यात्रा वार्ड क्रमांक 8 स्थित संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की प्रतिमा स्थल पर पहुंची, जहां विधिवत पूजन-अर्चन एवं आरती की गई। लोगो ने संत रविदास महाराज के चरणों में श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके बताए समता, सद्भाव, भाईचारे और मानव कल्याण के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

गुरु रविदास के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश

कलश वंदन यात्रा के पश्चात गुरु नानक गुरुद्वारा के सभा हाल में भव्य समापन समारोह में संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज जी के 650वें जन्मदिवस वर्ष के अवसर पर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने कहा कि संत रविदास जी ने सामाजिक भेदभाव और ऊंच-नीच की भावना से ऊपर उठकर मानवता, समानता, प्रेम, भक्ति एवं सामाजिक समरसता का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को एकता और बंधुत्व की दिशा में प्रेरित करते हैं।

प्रमुख रूप से रहे उपस्थित

कार्यक्रम में जनजातीय कार्य विभाग के सेवानिवृत्त सहायक आयुक्त डी.एस. राव, विभाग के जिला संयोजक संतोष बाजपेई, नोडल अधिकारी डी.आर. बांधव, सहायक नोडल अधिकारी उपेंद्र मिश्रा शा उ मा विद्यालय की प्राचार्य अनुजा मिश्रा, नगर परिषद अध्यक्ष पार्वती सिंह, पार्षद विमला दुबे, श्यामलाल सेन, सांसद प्रतिनिधि प्रकाश द्विवेदी, एल्डरमैन सूरज साहू, सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के प्राचार्य रोहित लाल त्रिपाठी सहित राम प्रसाद, राम लखन द्विवेदी, तुलसीदास नामदेव, भरत चंद्रवंशी, ओ पी वाठिया शिक्षक जितेंद्र तिवारी, चरण सिंह उईके, अंबादास सोनवानी, पत्रकार धनंजय तिवारी उमाशंकर पांडे मुन्नू विपुल बर्मन तथा बुद्धेलाल बचावले, सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

21 दिनों के अभियान का हुआ विधिवत समापन

गौरतलब है कि 21 दिवसीय समरसता संकल्प अभियान के दौरान कलश वंदन यात्रा के माध्यम से सामाजिक समरसता, समानता, सद्भाव और भाईचारे का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। अमरकंटक में आयोजित अंतिम यात्रा और समापन समारोह में विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, शैक्षणिक एवं जनप्रतिनिधियों की सहभागिता रही।

कार्यक्रम के भव्य समापन अवसर पर आयोजकों द्वारा 21 दिवसीय अभियान में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, नागरिकों एवं सहभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। समापन अवसर पर संत रविदास महाराज के विचारों को जीवन में उतारने तथा सामाजिक समरसता की भावना को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला